जालोर: जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ की आपातकालीन तैयारी बैठक
संभावित आपात स्थिति को लेकर जिला कलक्टर की समीक्षा बैठक
जालोर। देश में वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए जिला कलक्टर प्रदीप के गांवडे ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के समस्त विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में संभावित आपात या हमले की स्थिति से निपटने की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
चिकित्सा व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
जिला कलक्टर ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में पर्याप्त जीवन रक्षक दवाइयां, ब्लड यूनिट, और 108 एम्बुलेंस सेवा की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर टेम्परेरी अस्पताल और शेल्टर होम्स की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
खाद्य सामग्री एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
रसद विभाग को निर्देशित किया गया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री उपलब्ध रहे तथा भंडारण पर निगरानी रखी जाए ताकि जमाखोरी न हो। पेयजल व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने तथा आपात स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था जैसे टैंकर आदि के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही, अग्निशमन सेवाओं को हर समय एक्टिव मोड में रखने के लिए कहा गया।
विद्यालयों में हवाई हमले से बचाव का प्रशिक्षण
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को हवाई हमले से बचने का प्रशिक्षण दिया जाए। इसके साथ ही आमजन से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने एवं सहयोग करने की अपील की गई।
सोशल मीडिया पर अफवाहों पर रोक के निर्देश
जिला कलक्टर ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों और अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उकसाने वाली पोस्ट या ग़लत सूचनाएं फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। सीमावर्ती क्षेत्रों में संभावित हमलों से बचाव के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद्र यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर नंद किशोर राजोरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा, उपखण्ड अधिकारी मनोज, सीएमएचओ भैराराम जाणी, होमगार्ड कमांडेंट वी.एस. राठौड़ सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
