जयपुर: सर्जिकल स्ट्राइक के बाद ब्लैकआउट ड्रिल के लिए जारी हुई 20 अहम हिदायतें, जानिए क्या करना है और क्या नहीं
राजस्थान के 28 शहरों में आज रात होगा ब्लैकआउट, सरकार ने आमजन के लिए जारी की विस्तृत गाइडलाइन
जयपुर: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और बीती रात भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद राजस्थान सरकार ने सुरक्षा की दृष्टि से प्रदेश के 28 शहरों में रात्रिकालीन ब्लैकआउट ड्रिल कराने का निर्णय लिया है। इसको लेकर राज्य सरकार ने आमजन को सुरक्षित रखने के लिए 20 महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
यह निर्देश ऐसे हालातों को ध्यान में रखते हुए बनाए गए हैं, जब युद्ध, साइबर हमले, या अन्य आपदा के कारण शहरों की विद्युत आपूर्ति बाधित की जाए या की जाए। सरकार का उद्देश्य है कि लोग सतर्क, सुरक्षित और मानसिक रूप से तैयार रहें।
आमजन के लिए 20 दिशा-निर्देश:
सायरन बजते ही घर में सुरक्षित स्थान पर रहें, “ऑल क्लियर” सायरन तक बाहर न निकलें।
सभी घरों, दुकानों, विद्यालयों की लाइटें समय पर बंद करें।
ड्रिल के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न जाएं, भीड़ न लगाएं।
आतिशबाजी या किसी भी तेज आवाज वाले उपकरण का प्रयोग न करें।
खिड़कियों पर काले पर्दे लगाएं और उनके पास न रहें।
प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
बहुमंजिला भवनों में लिफ्ट का उपयोग न करें, सीढ़ियों का ही प्रयोग करें।
बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगों को सुरक्षित स्थान पर रखें।
अफवाहें न फैलाएं, न ही सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करें।
किसी भी झूठे संदेश या वीडियो पर प्रतिक्रिया न दें, शांत रहें।
किसी को डराने या तनाव बढ़ाने की कोशिश न करें।
आपात सेवाओं के रास्तों को अवरुद्ध न करें।
कार्यालयों में अलार्म, निकास द्वार आदि की जांच पूर्व में कर लें।
मोबाइल फोन चार्ज रखें, ज़रूरी नंबर सेव करें।
टॉर्च, बैटरी और अन्य आवश्यक उपकरण तैयार रखें।
मोबाइल फ्लैश या वाहनों की हेडलाइटों का प्रयोग न करें।
पहचान पत्र, फर्स्ट एड किट और थोड़े भोजन का इंतजाम रखें।
मोहल्ले में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें, पुलिस को सूचित करें।
“ऑल क्लियर” संकेत मिलने के बाद ही सामान्य स्थिति में लौटें।
यह केवल मॉक ड्रिल है – घबराएं नहीं, सतर्क रहें।
🔧 अधिकारियों व संस्थानों के लिए विशेष निर्देश:
उपखण्ड अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सायरन बजते ही अपने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित करवाएं।
आईसीसी गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जागरूक करें, सोलर लाइट, इन्वर्टर, मोबाइल टॉर्च आदि को भी बंद करें।
स्कूलों एवं कॉलेजों को पूर्व सूचना देकर मॉक ड्रिल में शामिल करें।
सार्वजनिक निर्माण विभाग, एनएचएआई, जयपुर/दौसा को नेशनल व स्टेट हाईवे पर लगी लाइटें बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम, परिषद, नगरपालिका एवं तहसील अधिकारियों को सभी शहरी एवं ग्रामीण इलाकों की स्ट्रीट लाइट्स बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं।
