शहीद जगतपति की वीरता और शौर्य को पाठ्यक्रम में शामिल करना जरूरी : कमल किशोर

शहादत दिवस पर गृह जिले में याद किए गए वीर जगतपति 1942 की अगस्त क्रांति में अंग्रेजों की गोली से हुए थे शहीद

औरंगाबाद। 1942 की अगस्त क्रांति के दौरान 11 अगस्त को अंग्रेजों की गोली से पटना में बिहार विधानसभा एवं सचिवालय के सामने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के क्रम में शहीद हुए वीर जगतपति कुमार को उनके गृह जिले औरंगाबाद में श्रद्धापूर्वक याद किया गया। ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिला मुख्यालय स्थित उनकी दोनों प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और “वीर जगतपति अमर रहें” के नारे गूंजे।

गौरतलब है कि स्वतंत्रता संग्राम में औरंगाबाद से अपने प्राण न्योछावर करने वाले जगतपति कुमार अकेले अमर सेनानी थे। लेकिन, उनके बलिदान दिवस पर राज्य सरकार या जिला प्रशासन की ओर से किसी भी राजकीय कार्यक्रम के आयोजन न होने पर लोगों ने अफसोस जताया।

ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह राष्ट्रीय प्रवक्ता कमल किशोर ने कहा कि बिहार के वीर सपूत जगतपति कुमार ने तिरंगे के सम्मान में अपने प्राणों की आहुति दी। उनकी वीरता और शौर्य को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा ले सकें। उन्होंने कहा कि आज के समय में उनके राष्ट्रप्रेम की भावना को पुनः जागृत करने की आवश्यकता है।

शहीद जगतपति का जन्म औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड के खरांटी गांव में एक जमींदार परिवार में हुआ था। 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के समय उनकी उम्र मात्र 19 वर्ष थी। बीएन कॉलेज, पटना में पढ़ाई के दौरान वे 11 अगस्त 1942 को एक जुलूस में शामिल हुए, जिसका नेतृत्व वे स्वयं कर रहे थे। जब यह जुलूस सचिवालय भवन पर तिरंगा फहराने पहुंचा, तो तत्कालीन अंग्रेज डिप्टी पुलिस कमिश्नर के आदेश पर फायरिंग कर दी गई, जिसमें जगतपति कुमार सहित सात देशभक्तों ने प्राण न्योछावर कर दिए।

कार्यक्रम में जेपी सेनानी अजय कुमार श्रीवास्तव और वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार संतोष ने कहा कि शहीद जगतपति कुमार की शहादत का कर्ज हर भारतीय पर है। इस अवसर पर अजय कुमार वर्मा, राजू रंजन सिन्हा, राजेश कुमार, संजय सिन्हा, सूर्यकांत, दीपक बलजोरी, सुनील सिन्हा, मधुसूदन प्रसाद सिन्हा, प्रेम कुमार, अमित कुमार सहित सैकड़ों लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.