इजराइल–ईरान जंग का पंजाब–चंडीगढ़ पर बड़ा असर, दुबई–UAE की कई उड़ानें रद्द

अमृतसर और चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी, सैकड़ों यात्री परेशानमिडिल ईस्ट में हालात बिगड़े, कई एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंदएयरपोर्ट प्रशासन का दावा– यात्रियों की सुविधा का रखा जा रहा पूरा ध्यान

अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमलों के बाद मिडिल ईस्ट में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। इस जंग का सीधा असर अब भारत, खासकर पंजाब और चंडीगढ़ के हवाई यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। सुरक्षा कारणों और एयरस्पेस बंद होने के चलते संयुक्त अरब अमीरात (UAE), दुबई, शारजाह और अन्य मिडिल ईस्ट गंतव्यों को जाने वाली और वहां से आने वाली कई उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।

इस स्थिति के चलते श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार से ही यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। दुबई, शारजाह और अन्य खाड़ी देशों में जाने वाले सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं। यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी अचानक उड़ानें रद्द होने और आगे की कोई स्पष्ट जानकारी न मिलने के कारण हो रही है। यही हाल चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भी है, जहां से दुबई जाने वाली एक प्रमुख उड़ान को रद्द कर दिया गया।
अमृतसर एयरपोर्ट से कुल चार अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं। एयरपोर्ट निदेशक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार रात 9 बजे इंडिगो एयरलाइंस की शारजाह से अमृतसर आने वाली फ्लाइट को रद्द किया गया। इसके अलावा रात 1 बजकर 15 मिनट पर अमृतसर से दुबई जाने वाली इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट भी कैंसिल कर दी गई। वहीं रविवार सुबह 7 बजकर 50 मिनट पर दुबई के लिए रवाना होने वाली स्पाइसजेट की उड़ान को भी पहले ही रद्द कर दिया गया है।

एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों को लगातार अपडेट देने के लिए एयरपोर्ट के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी जानकारी साझा की जा रही है, ताकि किसी को भ्रम या परेशानी का सामना न करना पड़े।

चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शनिवार शाम 4 बजकर 50 मिनट पर दुबई जाने वाली उड़ान को भी रद्द कर दिया गया। हालांकि दिन में हवाई यातायात सामान्य रहा, लेकिन मिडिल ईस्ट में हालात बिगड़ते ही अचानक उड़ानों पर असर पड़ा। बताया जा रहा है कि कतर, UAE और आसपास के इलाकों में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण कई प्रमुख एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं।
एविएशन सूत्रों के अनुसार, कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रूट बदले जा रहे हैं, जिससे उड़ानों में देरी और अतिरिक्त समय लग रहा है। जब तक मिडिल ईस्ट में हालात सामान्य नहीं होते, तब तक आने वाले दिनों में भी उड़ानों के रद्द होने या देरी की आशंका बनी हुई है। एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस यात्रियों से अपील कर रहे हैं कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की पुष्टि जरूर करें

Leave A Reply

Your email address will not be published.