बदायूं:उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी के अंतर्गत लोक स्मृति सेवा संस्थान, बदायूं द्वारा ब्लॉक जगत के ग्राम केसरुआ में एकीकृत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला क्षय रोग अधिकारी एवं कार्यक्रम अधिकारी (एचआईवी/एड्स) डॉ. विनेश कुमार तथा ग्राम प्रधान संजीव कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
शिविर के दौरान गांव के लोगों की एचआईवी, सिफलिस, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी एवं टीबी की स्क्रीनिंग की गई। कुल 139 लोगों की जांच की गई, जिसमें 2 लोग हेपेटाइटिस-सी (HCV) पॉजिटिव पाए गए, जबकि 20 लोग टीबी के संदिग्ध (TB symptomatic) चिन्हित किए गए। इसके साथ ही एसटीआई एवं सामान्य बीमारियों की दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
शिविर के अंतर्गत सघन जागरूकता अभियान चलाया गया तथा डोर-टू-डोर संपर्क के माध्यम से ग्रामीणों को एचआईवी/एड्स सहित अन्य संक्रामक रोगों के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को समय पर जांच, उपचार और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी।
इस अवसर पर डॉ. श्वेता (चिकित्सा अधिकारी, सीएचसी जगत), नरेंद्र कुमार (एसटीएलएस), राजीव सक्सेना (एसटीएस), नेहरून्निशा (साइकोथेरेपिस्ट, सीएचसी जगत), राफ़त नूरैन (स्टाफ नर्स, जगत), आर.के. जोशी (फार्मासिस्ट), सुषमा सिंह (पीपीटीसीटी काउंसलर, डब्ल्यूडीएच), दिनेश पाली (एलटी, जिला अस्पताल बदायूं), शनि दुबे (पीएम, लोक स्मृति सेवा संस्थान), राजीव कुमार (एसटीआई काउंसलर), अंकुर मिश्रा, ज्ञानश्री यादव एवं ऋषभ कुमार (ओआरडब्ल्यू, एलएसएसएस) सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
इसके अलावा ग्राम की आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से शिविर को सफल बनाया गया। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा।
khabre junction
