रामपुर मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने विकास खण्ड कार्यालय शाहबाद का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सम्बन्धित पटल सहायकों यथा—आवास पटल, शिकायत पटल, स्थापना पटल एवं आंकिक पटल—को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने पटल से सम्बन्धित पत्रों को सम्बन्धित पत्रावलियों में सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखें।
उन्होंने शासन/आयुक्त/जिलाधिकारी/जनसुनवाई/आईजीआरएस आदि विभिन्न स्तरों से प्राप्त शिकायतों की निर्धारित समयावधि में जांच कराते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा शिकायतकर्ता को समय से अवगत कराने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खण्ड में कार्यरत कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने पटल से सम्बन्धित पत्रावलियों, पत्रों एवं जिन भी निर्माण कार्यों के सापेक्ष भुगतान किया जा रहा है, उनकी समस्त पत्रावलियाँ ई-ऑफिस के माध्यम से शत-प्रतिशत ऑनलाइन सम्बन्धित अधिकारियों को प्रेषित की जाएँ। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास खण्ड में कार्यालयी कार्यों का निष्पादन अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही किया जाए, जिससे कार्य में पारदर्शिता एवं दक्षता सुनिश्चित हो सके।
इसके अतिरिक्त उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी को विकास खण्ड परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी शाहबाद धीरेन्द्र पाल सिंह चौहान, सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास), अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा), बीएमएम (एनआरएलएम), बाल विकास परियोजना कार्यालय की सुपरवाइजर एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे.
