गैस किल्लत और किसानों के मुद्दों पर इनेलो का हल्ला, राज्यपाल से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल: अभय चौटाला

ऐलनाबाद,  मार्च (एम.पी. भार्गव): इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर किसानों की समस्याओं, रसोई गैस की किल्लत और राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.एस. चौधरी, विधायक आदित्य देवीलाल और सेक्रेटरी नछत्तर सिंह मल्हान भी मौजूद रहे।

अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो का प्रतिनिधिमंडल 12 मार्च को किसान हित में लाइसेंस रिन्यू कराने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिला था, लेकिन आश्वासन के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह 11:30 बजे पार्टी प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात कर इस मुद्दे को उठाएगा और सरकार की कथित वादाखिलाफी से अवगत कराएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को एमएसपी देने से बचने के लिए लाइसेंस रिन्यू नहीं कर रही है। साथ ही इनेलो द्वारा जिलों में ‘किसान कष्ट निवारण केंद्र’ स्थापित करने का भी ऐलान किया, जहां पदाधिकारी किसानों की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे।

गैस किल्लत को लेकर उन्होंने कहा कि बाजार में घरेलू गैस की कमी के चलते लोगों को सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं और कालाबाजारी बढ़ गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की भी कमी हो सकती है।

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर अभय चौटाला ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग और वोट रद्द करने के पीछे बड़ी साजिश है, जिसका खुलासा होना चाहिए।

निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि इनेलो की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है और पार्टी इस मामले में कानूनी नोटिस भेजेगी।

मुख्यमंत्री नायब सैनी पर भी पलटवार करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो को कांग्रेस की बी टीम बताने वाले अपने आरोप साबित करें, अन्यथा उन्हें भी कानूनी नोटिस भेजा जाएगा। उन्होंने हरियाणा की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार नियंत्रण करने में विफल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.