महंगाई की चौतरफा मार, बीजेपी सरकार ने बिजली के रेट चार गुना बढ़ा कर जले पर नमक छिडक़ने का किया काम: चौ. अभय सिंह चौटाला
जहां पहले 900 रुपए का बिजली बिल आता था अब कर दिया 4000 रूपए
ऐलनाबाद, 24 जून( एम पी भार्गव ): इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने बीजेपी सरकार द्वारा बिजली के बिल 4 गुना बढ़ाने पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो सरकार प्रदेश की जनता को बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं दे सकती उन्हें सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। बीजेपी सरकार जनता से जुड़े हर मुद्दे पर पूरी तरह से फेल साबित हुई है और बेरोजगारी, महंगाई, लचर कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार में नंबर एक पर आ गई है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बीजेपी सरकार ने प्रदेश के लोगों से मुफ्त बिजली देने का वादा किया और भोली भाली जनता के वोट लेकर सत्ता हासिल की। अब जब लोग बेइंतहा बढ़ रही महंगाई से बुरी तरह से त्रस्त हैं तब बिजली के रेट चार गुना बढ़ा कर जले पर नमक छिडक़ने का काम किया है। जहां पहले 900 रुपए का बिजली बिल आता था अब 4000 रूपए कर दिया है। इस प्रचंड गर्मी में जहां लोग बिजली के बड़े बड़े कट से परेशान हैं वहीं लोग अब चार गुना बढ़े बिजली के बिल से बेहाल हैं। प्रचंड महंगाई में रसोई खर्च से परेशान लोगों का नई बिजली दरों से मासिक बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है। प्रदेश की जनता बेहाल है और मुख्यमंत्री नायब सैनी फ्री में मिल रही सरकारी सुविधाओं के मजे ले रहे हैं। आज प्रदेश में चारों तरफ हाहाकार मचा हुआ है लेकिन बीजेपी सरकार अंधी, बहरी और गूंगी बनी हुई है। गुंडागर्दी चरम पर है। प्रदेश का हर वर्ग चाहे आम जनता है या कॉलेज और यूनिवर्सिटी में पढऩे वाले छात्र हैं बीजेपी सरकार के अत्याचारों से बुरी तरह से त्रस्त हैं।
