अमृतसर एयरपोर्ट पर भारतीय हॉकी टीम का शानदार स्वागत, खिलाड़ियों ने बाढ़ पीड़ितों के साथ जताई हमदर्दी

भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर एशिया कप अपने नाम किया, सीधे विश्व कप में एंट्रीश्रोमणी कमेटी की ओर से भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों का एयरपोर्ट पर किया गया स्वागत

राजगीर (बिहार) में खेले गए पुरुषों के एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मौजूदा चैंपियन दक्षिण कोरिया को 4-1 से मात देकर खिताब जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ अपना चौथा एशिया कप खिताब हासिल किया, बल्कि अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले FIH हॉकी विश्व कप के लिए सीधी क्वालिफिकेशन भी प्राप्त कर ली। फाइनल मैच में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और विपक्षी टीम को कोई बड़ा मौका नहीं दिया। भारतीय खिलाड़ियों का आक्रामक और मजबूत डिफेंस दोनों ही शानदार रहे, जिसकी वजह से दक्षिण कोरिया केवल एक गोल ही कर सका। भारतीय टीम की इस जीत से देशभर के हॉकी प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। वापसी पर जब भारतीय हॉकी टीम अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची, तो खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। परिवार के सदस्यों और चाहने वालों ने खिलाड़ियों का फूल-मालाओं और झंडों से सम्मान किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 2017 के बाद एक बार फिर एशिया कप जीतना बेहद गर्व की बात है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगले विश्व कप में भारत 50 साल का इंतज़ार खत्म कर ट्रॉफी अपने नाम करेगा। इसी दौरान खिलाड़ियों ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए भी अपनी हमदर्दी जताई। उन्होंने कहा कि टीम और खिलाड़ी हर संभव तरीके से बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद करने की कोशिश करेंगे। इस शानदार जीत के साथ भारत ने न सिर्फ एशिया में अपना दबदबा कायम किया है, बल्कि विश्व कप के लिए नई उम्मीदें भी जगाई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.