बदायूँ। मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस 2025 के सफल आयोजन हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस परंपरागत और गौरवपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना उपस्थित रहेंगे।
कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित बैठक में सीडीओ ने निर्देश दिया कि मलीन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और नगर निकायों व ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या 14 अगस्त को शाम 5:30 बजे नगर पालिका परिषद, बदायूँ में सांस्कृतिक कार्यक्रम, रात 8:30 बजे पुलिस लाइन ग्राउंड में आतिशबाजी तथा रात 9:00 बजे कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन होगा।
15 अगस्त को सुबह 6:30 बजे प्रभात फेरी व रूट मार्च, 7:30 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम में दौड़ प्रतियोगिता, 9:00 बजे शहीद स्मारकों पर माल्यार्पण और 10:00 बजे गांधी जन्मशती चिकित्सालय में ध्वजारोहण किया जाएगा।
सुबह 11:00 बजे जिला महिला व पुरुष चिकित्सालय में मरीजों को तथा 11:30 बजे जिला कारागार में बंदियों को फलों का वितरण होगा। दोपहर 2:00 बजे राजकीय महाविद्यालय आवास विकास, बदायूँ में भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। मुख्य कार्यक्रम डायट परिसर स्थित ऑडिटोरियम में होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अरुण कुमार सक्सेना शामिल होंगे।
बैठक में एडीएम (ई) अरुण कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
