जनगणना-2027 प्रथम चरण हेतु दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, रामपुर

रामपुर। जनपद में Census of India 2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला गणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार वर्मा द्वारा संत शिरोमणि सर्किट हाउस सभागार में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।

जिला गणना अधिकारी ने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके दायित्वों के महत्व से अवगत कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना का कार्य पूर्णतः सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए, ताकि आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय, उत्तर प्रदेश के नामित जनगणना अधिकारी मोहम्मद इल्यास ने चार्ज अधिकारियों एवं उनकी टीमों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में 7 मई से 20 जून 2026 तक स्वगणना एसई पोर्टल के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके उपरांत 22 मई से 20 जून 2026 तक एचओएल (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं भवनों की गणना का कार्य किया जाएगा।

इस प्रक्रिया में नागरिकों द्वारा ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई जानकारी प्रगणकों को प्रदान की जाएगी, जिससे डेटा संकलन में सटीकता और पारदर्शिता बनी रहे। प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण, भवन गणना की तकनीक, डेटा संकलन प्रक्रिया एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में नगर क्षेत्रों के चार्ज अधिकारी (अधिशासी अधिकारी), ग्रामीण क्षेत्रों के चार्ज अधिकारी (तहसीलदार) सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.