वाराणसी में अब अंडरग्राउंड होंगे इंटरनेट और डिश टीवी के केबल, सड़कों के किनारे खत्म होगा तारों का जाल

  • रिपोर्ट: सुकेश पांडे, वाराणसी

वाराणसी : शहर के स्वरूप को बिगाड़ रहे बेतरतीब बिजली, इंटरनेट और डिश टीवी के तारों के जाल से अब वाराणसी को राहत मिलने जा रही है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत अब इन केबलों को जमीन के नीचे बिछाया जाएगा, जिससे सड़कों और गलियों के किनारे फैले तारों के जाल से शहर को मुक्ति मिलेगी।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में रिलायंस जियो, एयरटेल, वोडाफोन, बीएसएनएल और जीटीपीएल जैसी प्रमुख कंपनियों ने शहर को केबल मुक्त बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। बैठक में कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी माना कि सड़कों और गलियों में फैला तारों का मकड़जाल काशी आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के बीच शहर की नकारात्मक छवि बनाता है।

स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत जिन क्षेत्रों में अंडरग्राउंड ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) नेटवर्क पहले से उपलब्ध है, वहां सभी एजेंसियां अपने ओवरहेड तारों को हटाकर उन्हें जमीन के नीचे ले जाएंगी। इसके साथ ही सीएम ग्रिड योजना के तहत बनाए गए यूटिलिटी डक्ट का भी उपयोग केबल बिछाने के लिए किया जाएगा।

खंभों पर लटकते तारों के गुच्छों को छिपाने के लिए एयरटेल की ओर से एक विशेष वायर कवरिंग बॉक्स का मॉडल भी प्रस्तुत किया गया है। पहले चरण में लहुराबीर से मैदागिन, मैदागिन से गोदौलिया और कालभैरव मंदिर मार्ग जैसे प्रमुख मार्गों पर इन बॉक्स का प्रयोग किया जाएगा। यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो इसे पूरे शहर में लागू किया जाएगा।

वहीं मणिकर्णिका घाट और ठठेरी बाजार जैसी तंग गलियों में, जहां खंभे उपलब्ध नहीं हैं, वहां स्थानीय भवन स्वामियों के सहयोग से दीवारों पर क्लैंप लगाए जाएंगे। इन्हीं क्लैंप के माध्यम से तारों को कसकर व्यवस्थित किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है।

इस पहल के लागू होने के बाद वाराणसी की सड़कों और गलियों का स्वरूप अधिक व्यवस्थित और आकर्षक नजर आएगा, जिससे शहर की सुंदरता और पर्यटन छवि दोनों को मजबूती मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.