हजारों भक्तों की उपस्थिति में दिव्यधाम में जगमग हुए 11 हजार दीपक, दीपावली के अवसर पर देश-विदेश से भक्तों ने पहुंच कर जलाए दीए

5 दिन अलग-अलग रंगों की रोशनी से नहाया श्री लक्ष्मी नारायण दिव्यधाम

  • रिपोर्ट- नीरज मित्तल

फरीदाबाद।  सूरजकुंड रोड स्थित श्री लक्ष्मी नारायण दिव्यधाम श्री सिद्धदाता आश्रम दीपावली के अवसर पर विभिन्न रोशनियों से नहा उठा। इस अवसर पर देश-विदेश से हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने यहां 11 हजार घी के दीए जलाए। यहां बुधवार को विशाल आकृति में बने गोवर्धन महाराज का पूजन होगा।
श्री सिद्धदाता आश्रम परिसर में बने श्री लक्ष्मी नारायण दिव्यधाम, श्री स्मृति स्थल एवं स्वामी सुदर्शनाचार्य संस्कृत वेद विद्यालय विभिन्न रोशनियों से नहाए नजर आए। इस अवसर पर 11 हजार देशी घी के दीयों के अलावा सुंदर लड़ियों से सजे दिव्यधाम का रूप अद्वितीय लग रहा था।
दिव्यधाम के बाहर परिक्रमा मार्ग पर लोग प्रसन्नता में दीए जलाते और परिक्रमा में शामिल होते देखे गए। यहां वर्षों से अपनी प्रार्थना पूर्ण होने पर लोगों को ढोक लगाते देखा जाता है। खासकर दीपावली के अवसर पर लोग यहां आकर दीए जलाते हैं, वहीं श्री सिद्धदाता आश्रम का संचालन करने वाले जनहित सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए विशाल भव्य रोशनी की व्यवस्था की जाती है।
इस अवसर पर अधिष्ठाता जगदगुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने सभी को खजाना और आशीर्वाद भी प्रदान किया। माना जाता है कि यह खजाना घर में धन की वृद्धि करता है। स्वामीजी ने बताया कि पांच पर्वों के युग्म इस पर्व का हमारे जीवन में बड़ा महत्व है। आज ही के दिन मां महालक्ष्मी का समुद्र मंथन के दौरान प्रकटन हुआ था और आज के ही दिन श्रीराम 14 वर्ष का वनवास पूर्ण कर लंका जीतकर वापस अयोध्या पहुंचे थे। यह सीधा संकेत है कि सत्य की जीत अवश्य होती है और जो व्यक्ति धर्म मार्ग पर चलता है उसके जीवन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.