रामपुर में अखिल भारतीय मुस्लिम महासंघ ने आतंकवाद के खिलाफ निकाला आक्रोश मार्च, पुतला दहन कर दिया संदेश — “देशहित सर्वोपरि”

रामपुर।अखिल भारतीय मुस्लिम महासंघ ने गुरुवार को शहर में आतंकवाद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए आतंकवाद का पुतला दहन किया। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि आतंकवाद किसी भी धर्म, समाज और देश का नहीं होता तथा ऐसे अपराधियों की वजह से पूरे समुदाय की छवि धूमिल होती है।

इस दौरान संगठन ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ गुमराह और आपराधिक मानसिकता वाले लोग निर्दोषों की जान लेकर पूरे देश ही नहीं, बल्कि देश के करोड़ों मुसलमानों की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। वक्ताओं ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट, खुला और सार्वजनिक विरोध होना चाहिए।

महासंघ ने मुस्लिम समाज से अपील की कि वे मस्जिदों, मदरसों और धार्मिक स्थलों पर देशभक्ति, शांति और एकता का संदेश प्रसारित करें। संगठन ने जोर दिया कि भारत के मुसलमानों की पहचान देशभक्ति, कानून पालन और शांतिप्रिय नागरिकों की है, इसलिए समाज को चाहिए कि वह आतंकवाद जैसी बुराइयों से स्पष्ट दूरी बनाए रखे और उसके खिलाफ आवाज उठाए।

सभा में वक्ताओं ने कहा कि देशहित सर्वोपरि है और हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह आतंकवाद के खिलाफ खड़ा हो। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना और यह संदेश देना था कि आतंकवाद मानवता का दुश्मन है और उसकी कोई जगह भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में नहीं हो सकती।

Leave A Reply

Your email address will not be published.