रामपुर में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम और एसपी ने किया मार्ग निरीक्षण, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया

रामपुर। आगामी कांवड़ यात्रा 2025 को लेकर रामपुर प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह और पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्रा ने शहजादनगर स्थित दुर्ग नगला जीरो प्वाइंट (गोल चक्कर) का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था एवं रूट डायवर्जन की तैयारियों का जायज़ा लिया। इस दौरान गणमान्य जनप्रतिनिधि भी उनके साथ मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को यातायात को सुगम बनाए रखने और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक को नियंत्रित करने, वैकल्पिक मार्गों की तैयारी और मेडिकल सहायता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई।

इसी अवसर पर वन महोत्सव सप्ताह (1 जुलाई से 7 जुलाई 2025) के अंतर्गत ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ अभियान के तहत दुर्ग नगला जीरो प्वाइंट पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपनी मां या धरती मां के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आयोजनों की सफलता दोनों प्रशासन की प्राथमिकता हैं, और जनता के सहयोग से कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न किया जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.