लखीसराय में महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को सुरक्षा और अधिकारों की दी गई जानकारी, बाल विवाह रोकने की दिलाई गई शपथ
लखीसराय(सरफराज आलम)महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन के सहयोग से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन नगर प्रशासनिक भवन, लखीसराय में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आई महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी तथा आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक पटेल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई।
इस अवसर पर डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने बताया कि महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा, संरक्षण एवं सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति एवं मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना का संचालन किया जा रहा है। वहीं, जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना का मुख्य उद्देश्य लिंग आधारित भेदभाव को समाप्त करना तथा बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा को सुनिश्चित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने कहा कि घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं एवं किशोरियों को सहायता प्रदान करने के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर का संचालन किया जा रहा है, जहां एक ही छत के नीचे विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने बताया कि महिला हेल्पलाइन नंबर 181 के माध्यम से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक पटेल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। साथ ही बाल विवाह रोकथाम को लेकर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई।मौके पर दर्जनों महिला फुटबॉल खिलाड़ी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में फुटबॉल कोच कंचन केसरी की भी सहभागिता रही।
