लखीसराय में किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कृषि यांत्रिकीकरण मेला,अनुदानित कृषि यंत्रों को लेकर किसानों में उत्साह
लखीसराय(सरफराज आलम)सुशासन सप्ताह के तहत भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की जयंती ‘किसान दिवस’ के अवसर पर जिले में किसानों के हित में दो दिवसीय कृषि यांत्रिकीकरण शिविर एवं मेला का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मंगलवार को केआरके मैदान, लखीसराय में हुआ।
शिविर का उद्घाटन सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल ने फीता काटकर किया। इसके बाद विधायक, जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की।
इस मौके पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए विज्ञान और आधुनिक तकनीक का उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कृषि यांत्रिकीकरण से न केवल उत्पादन लागत में कमी आती है, बल्कि समय की भी बचत होती है, जिससे किसानों की आय बढ़ती है। उन्होंने किसानों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
डीएम ने किसानों के साथ संवाद करते हुए कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। संवाद कार्यक्रम के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिनके समाधान का आश्वासन संबंधित पदाधिकारियों ने दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने सात निश्चय–3 योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत कृषि, रोजगार, शिक्षा, सिंचाई एवं ग्रामीण विकास से जुड़े कई प्रावधान हैं, जिनका सीधा लाभ किसानों और ग्रामीण जनता को मिलेगा।
कृषि यांत्रिकीकरण मेले में विभिन्न यंत्र आपूर्तिकर्ताओं द्वारा आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया गया। किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित अनुदानित दरों पर ट्रैक्टर चालित यंत्र, पावर टिलर, बीज ड्रिल, स्प्रे मशीन, थ्रेसर सहित कई आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ये यंत्र किसानों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बने रहे।
इसके अलावा कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, सहकारिता विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को विभागीय योजनाओं, अनुदान, प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बड़ी संख्या में किसान और कृषि उद्यमी उपस्थित रहे। दो दिवसीय यह शिविर किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
