कासगंज के मानपुर नगरिया में सड़क किनारे कूड़े का अंबार, राहगीरों व दुकानदारों में रोष

  • रिपोर्ट: हरिश्चंद चंद्र

मानपुर नगरिया, सोरों ब्लॉक। कासगंज जिले के सोरों ब्लॉक अंतर्गत मानपुर नगरिया में न्यौली शुगर फैक्ट्री की चिमनी के सामने सड़क किनारे कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं, जिससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कूड़े के इन ढेरों के बीच गौवंश भी भोजन तलाशते नजर आते हैं, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से यहां कूड़ा जमा हो रहा है, लेकिन सफाई की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध और गंदगी के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है। कई बार लोग कूड़े में आग भी लगा देते हैं, जिससे उठने वाला जहरीला धुआं आसपास की दुकानों और बाजार तक पहुंच जाता है। इससे दुकानदारों और राहगीरों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

चिंता की बात यह है कि कूड़े के ढेर के पास ही फास्ट फूड के कई ठेले लगे हुए हैं, जहां दिनभर लोग चाऊमीन, टिक्की, बर्गर, समोसा और गोलगप्पे जैसे खाद्य पदार्थों का सेवन करते हैं। गंदगी और प्रदूषण के बीच खुले में बिक रहे इन खाद्य पदार्थों से लोगों में बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान से मांग की है कि कूड़े के ढेर को जल्द हटाकर वहां नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में प्रदूषण और बीमारियों का खतरा और अधिक बढ़ सकता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से भी इस समस्या का संज्ञान लेकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और क्षेत्र को स्वच्छ बनाने की मांग की है, ताकि लोगों को गंदगी और प्रदूषण से राहत मिल सके।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.