- रिपोर्ट: कपिल सिंह
बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने तहसील नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम मेंहदीपुर मजरे हरख में पोस्ता/अफीम की खेती का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर किसानों से सीधे संवाद स्थापित किया और अफीम की खेती से होने वाले लाभ एवं चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिला अफीम अधिकारी ने बताया कि जनपद में वर्तमान में कुल 5038 किसान अफीम की खेती कर रहे हैं। इनमें से 4269 किसान सीपीएस पद्धति के अंतर्गत प्रति किसान लगभग 5 एयर भूमि पर खेती कर रहे हैं, जबकि 769 किसान 1 एयर भूमि पर पारंपरिक चीरा विधि से अफीम उत्पादन कर रहे हैं।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने किसानों से बातचीत करते हुए कहा कि अफीम की खेती उनके लिए आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। उन्होंने किसानों को आधुनिक तकनीकों को अपनाने, उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ाने और अधिक लाभ अर्जित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने अफीम के संग्रहण, भंडारण और अवशेष के निस्तारण की प्रक्रिया को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और नियमों के अनुरूप होनी चाहिए।
इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
