बदायूं। नवांगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Ankita Sharma ने पुलिस लाइन्स सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जनपद में घटित प्रमुख अपराधों, लंबित विवेचनाओं, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाले शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक सुना जाए और उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समयबद्ध जांच कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी ने लुटेरे, चोर तथा गंभीर अपराधों में शामिल पेशेवर अपराधियों की लगातार निगरानी रखने और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों की समयबद्ध जांच कर उनका शीघ्र निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।
महिला एवं बच्चों से जुड़ी शिकायतों को अत्यंत गंभीरता से लेने और अपहृत महिलाओं व बच्चों की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों, अवैध शस्त्रों के निर्माण व संग्रहण करने वालों, टॉप-10 अपराधियों, ईनामिया और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
बैठक में सम्मन और वारंट की समय से तामील सुनिश्चित करने, गवाहों की समय पर न्यायालय में गवाही कराने तथा महिला संबंधित मुकदमों में प्रभावी पैरवी करने के भी निर्देश दिए गए। गैंगस्टर एक्ट के मामलों में अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर धारा 14(1) के तहत जब्तीकरण की कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
इसके साथ ही शासन द्वारा चलाए जा रहे Mission Shakti (फेज-5.0) अभियान के अंतर्गत महिला हेल्पडेस्क, एंटी रोमियो टीम, शक्ति दीदी और महिला बीट आरक्षियों को गांवों और मोहल्लों में जनचौपाल लगाने तथा स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, आत्मरक्षा और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने समस्त थाना प्रभारियों को गोकशी, अवैध शस्त्र, मादक पदार्थ, शराब तथा जुआ-सट्टा की रोकथाम के लिए अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही अवैध शस्त्रों के सत्यापन और पोस्टर पार्टी के माध्यम से क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में शासन द्वारा संचालित ऑपरेशन त्रिनेत्र 2.0 के तहत प्रमुख चौराहों, बाजारों और महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और उनके प्रभावी उपयोग के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके अलावा आगामी पर्व ईद-उल-फितर को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संभ्रांत व्यक्तियों और धर्मगुरुओं के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद के प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने और जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने के लिए यातायात पुलिस को भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
