थाना अहरौरा पुलिस मुठभेड़ में ₹20,000 का इनामी जिला बदर हिस्ट्रीशीटर घायल, अवैध तमंचा व चोरी का सामान बरामद
- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मीरजापुर। थाना अहरौरा पुलिस टीम ने मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान ₹20,000 के इनामी जिला बदर हिस्ट्रीशीटर अपराधी जावेद पुत्र इस्लाम, निवासी दुर्गा जी पहाड़ी नई बस्ती, थाना अहरौरा को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी वनस्थली विद्यालय के पास जंगल में छिपा है। दबिश देने पर जावेद ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की और जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया।
अभियुक्त के कब्जे से चोरी के 6 मोबाइल फोन, ₹5,500 नकद, एक 315 बोर का अवैध तमंचा, 3 खोखा कारतूस और 1 जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में पता चला कि आरोपी रात में टोल टैक्स और ढाबों के पास खड़े ट्रकों के शीशे में लगी रबर ब्लेड से काटकर शीशा निकालता था और अंदर सो रहे ड्राइवर के पास से मोबाइल व नकदी चुरा लेता था। इसके गैंग के 5 अन्य सदस्यों में से 4 को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जिनके पास से भी मोबाइल और नकदी बरामद हुई थी।
पुलिस के अनुसार, जावेद पर दो दर्जन से अधिक चोरी और लूट के मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमे चल रहे हैं, जिनमें 392, 411, 3/25 आर्म्स एक्ट, गुण्डा एक्ट और बीएनएस की धाराएं शामिल हैं।
थाना अहरौरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
