अलवर में नशे में धुत सरकारी कर्मचारी समेत तीन लोगों ने किया नमकीन चोरी का प्रयास, सतर्क जनता ने पकड़ा

डबल फाटक पर दिनदहाड़े चोरी का प्रयास, जनता की सजगता से पकड़े गए आरोपी

अलवर: अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र के डबल फाटक पर सोमवार दोपहर करीब 11:30 बजे एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। तीन नशे में धुत युवकों ने एक सप्लायर की बाइक से नमकीन का बोरा चुराने की कोशिश की, जिसमें से एक आरोपी सरकारी कर्मचारी बताया जा रहा है। हालांकि, फाटक पर मौजूद लोगों की सतर्कता ने इस चोरी को सफल नहीं होने दिया।

भीड़ में की चोरी, कार में रखा बोरा, लेकिन जनता ने कर दिया घेराव

जब फाटक बंद था और वहां कई लोग खड़े थे, तभी सप्लायर नमकीन का कट्टा लेकर अपनी बाइक से वहां पहुंचा। उसी समय तीनों नशे में धुत युवकों ने उसकी बाइक से एक कट्टा जबरन छीन लिया और उसे अपनी कार (नंबर 25BH2845C) में रख लिया। लेकिन वहां खड़े लोगों ने इस पूरी घटना को देखा और तुरंत विरोध करते हुए आरोपियों को घेर लिया।

पुलिसकर्मी को सौंपी गई कार की चाबी, आरोपियों को पकड़वाया

फाटक पर मौजूद जागरूक नागरिकों ने न केवल चोरी का विरोध किया, बल्कि आरोपियों की कार की चाबी वहीं खड़े एक पुलिसकर्मी को सौंप दी। तत्परता दिखाते हुए पुलिसकर्मी ने तुरंत थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। सप्लायर को उसका नमकीन का कट्टा भी वापस दिला दिया गया।

घटना से डरे सप्लायर का परिवार, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

इस घटना से सप्लायर और उसका परिवार बेहद घबराया हुआ है। वहीं, शिवाजी पार्क थाने की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। घटना के समय थाना अधिकारी किसी रैली में ड्यूटी पर थे और थाने की जिम्मेदारी ड्यूटी ऑफिसर (डी.ओ.) संभाल रहे थे। लेकिन डी.ओ. ने पत्रकारों को कोई जानकारी, फोटो, नाम या बयान देने से साफ इनकार कर दिया।

जनता की बहादुरी प्रशंसनीय, लेकिन पुलिस की गोपनीयता पर सवाल

यह घटना जहां फाटक पर खड़े लोगों की जागरूकता और साहस को उजागर करती है, वहीं दूसरी ओर पुलिस द्वारा सूचना छिपाने की कोशिशों पर सवाल खड़े करती है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इस पूरे मामले में पुलिस के उच्च अधिकारी क्या संज्ञान लेते हैं और आगे क्या कार्रवाई होती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.