लखनऊ : 10 अप्रैल, 2025: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर केन्द्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रहलाद जोशी के साथ एक बैठक में पी0एम0 सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पी0एम0 कुसुम योजना और रबी विपणन वर्ष 2025-26 के अन्तर्गत गेहूं खरीद की संयुक्त समीक्षा की।
मुख्यमंत्री जी ने केन्द्रीय मंत्री को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की भावनाओं के अनुरूप उत्तर प्रदेश सोलर एनर्जी और गेहूं खरीद में बहुत अच्छा कार्य कर रहा है। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश अपनी ओर से अच्छा परिणाम देने का प्रयास करेगा। श्री जोशी जी ने भी उत्तर प्रदेश के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मुख्यमंत्री जी को बधाई दी। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बढ़ती ऊर्जा मांगों के अनुरूप कार्य करते हुए पूरे देश के लिए मॉडल बन रही है। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री जी और केन्द्रीय मंत्री ने राज्य और केन्द्र सरकार के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री जी ने केन्द्रीय मंत्री जी को ओ0डी0ओ0पी0 का उपहार और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज कॉमन मैन और अन्नदाता किसानों को स्पर्श करती तीन महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश इन योजनाओं में अच्छा कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश अपनी ओर से अच्छे परिणाम देगा। प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके दृष्टिगत उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा नीति-2022 प्रख्यापित की गई है। इसके अन्तर्गत राज्य में कम लागत की विश्वसनीय सौर ऊर्जा तक आम लोगों की पहुंच को सुनिश्चित किया गया है। इसके अतिरिक्त, उत्तर प्रदेश जैव ऊर्जा नीति-2022 और उत्तर प्रदेश ग्रीन हाइड्रोजन नीति-2024 भी प्रख्यापित की जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने सोलर पॉलिसी के तहत वर्ष 2027 तक सौर ऊर्जा के उत्पादन में 22 हजार मेगावॉट से अधिक का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत सोलर पार्कों का विकास, कृषि फीडरों और निजी ऑन ग्रिड पम्पों के सोलराइजेशन को बढ़ावा देना, एक्सप्रेस-वे और रेलवे ट्रैक के किनारे सौर संयंत्रों की स्थापना को बढ़ावा देना सहित सौर ऊर्जा उपकरणों के निर्माण उद्योग को बढ़ावा देने की कार्यवाही आगे बढ़ी है। सौर परियोजनाओं के लिए ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पी0एम0 सूर्य घर योजना के अन्तर्गत 10 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसके सापेक्ष एक लाख से ज्यादा इंस्टॉलेशन पूर्ण कर लिए गए हैं। उन्होंने यूपीनेडा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन लोगों ने भी योजना के अन्तर्गत आवेदन किया है, सभी को अभियान चलाकर शीघ्र से शीघ्र सोलर एनर्जी से जोड़ा जाए। अभी हर महीने 11 हजार से अधिक इंस्टॉलेशन किए जा रहे हैं, जिसे वर्ष 2025-26 में बढ़ाकर औसतन 22 हजार से अधिक किया जाए। जनपदवार, डिस्कॉमवार, नगर निगम, नगर पालिका परिषद को लक्ष्य आवंटित किया जाए। प्रभावी अनुश्रवण एवं समीक्षा के लिए इसे सीएम डैशबोर्ड के साथ इंटीग्रेट किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि पोर्टल पर मार्च, 2025 तक प्राप्त 10.73 लाख आवेदनों पर कॉलिंग कर वेण्डर्स को सूची उपलब्ध कराते हुए सोलर रूफटॉप की स्थापना की जाए। आवश्यकता के अनुरूप वेण्डर्स की संख्या में वृद्धि की जाए। उन्होंने कहा कि हमारा फोकस ट्रेनिंग पर भी है, ताकि अधिक से अधिक सूर्य मित्रों को इंस्टॉलेशन के लिए तैयार किया जा सके। इसके लिए पॉलीटेक्निक के माध्यम से ट्रेनिंग भी करायी जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने पी0एम0 कुसुम योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश निजी पम्प सोलराइजेशन में देश में प्रथम है। निजी नलकूपों के सोलराइजेशन के लिए मिशन मोड में कार्य किया जाए। जल्द से जल्द सभी को सोलर पैनल से आच्छादित किया जाए। अच्छे वेण्डर्स को इसमें शामिल किया जाए। किसानों को भी पानी की बचत के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से वनटांगिया गांवों को निःशुल्क सोलर पैनल की व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है। इसके अतिरिक्त, जनपद सोनभद्र, मीरजापुर, चित्रकूट, चन्दौली के जनजाति समुदाय को भी सोलर व्यवस्था से आच्छादित किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में सोलर पार्क विकसित किए जाएं। इसके लिए नगर निगम भूमि उपलब्ध कराए। नगरों की स्ट्रीट लाइट्स को सोलर पार्क से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री जी ने रबी विपणन वर्ष 2025-26 के अन्तर्गत गेहूं खरीद की समीक्षा करते हुए भरोसा जताया कि उत्तर प्रदेश गेहूं क्रय के लक्ष्य को तय समय में पूरा कर लेगा। 09 अप्रैल तक 26,641 किसानों से 1.40 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। अभी तक गेहूं क्रय कार्य की प्रगति विगत वर्षों की तुलना में बहुत अच्छी है। इस वर्ष कृषकों के मध्य तक पहुंच बनाने के लिए रणनीति के तहत कटाई के पूर्व जनपद एवं मण्डल स्तरीय अधिकारियों/कर्मचारियों को गांवों में सम्पर्क के लिए भेजा गया, जिसका परिणाम बहुत अच्छा रहा। गांव में जाकर कृषकों से सम्पर्क कर भारत सरकार द्वारा निर्धारित एम0एस0पी0 से अवगत कराते हुए क्रय केन्द्रों पर गेहूं लाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत सरकार से मोबाइल क्रय केन्द्रों के माध्यम से गेहूं खरीद की अनुमति प्राप्त होने के फलस्वरूप कृषकों से सम्पर्क करके उनके गांव/दरवाजे पर जाकर भी गेहूं क्रय कराया जा रहा है। हमारी टीम फील्ड में जाकर सभी 826 विकास खण्डों में किसानों से बातचीत कर रही है। हर मण्डी में किसानों के लिए बैठने और खाने-पीने की उत्तम व्यवस्था की गई है। हमारा पूरा फोकस किसानों को कम से कम समय में धनराशि प्रदान करने पर है। इसके लिए सभी क्रय केन्द्रों को छुट्टी के दिन भी खोला जा रहा है और समय सीमा भी बढ़ाई गई है, ताकि किसानों को असुविधा न हो।
केन्द्रीय मंत्री श्री प्रहलाद जोशी ने मुख्यमंत्री जी को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश गेहूं के प्रोक्योरमेंट, पी0एम0 सूर्य घर योजना समेत सभी सम्बन्धित योजनाओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। रिन्यूएबल और ओवरऑल एनर्जी में प्रदेश सरकार का कार्य उत्कृष्ट रहा है। जनपद अयोध्या और वाराणसी में सौर ऊर्जा के सम्बन्ध में जो कार्य हुआ है, वह दूसरे राज्यों के लिए आदर्श है। इसको अभियान चलाकर और बेहतर किया जाए, ताकि पूरे देश के लिए हम इसे मॉडल के रूप में प्रस्तुत कर सकें। उन्होंने कहा कि बढ़ती ऊर्जा मांग के अनुरूप उत्तर प्रदेश की तैयारी सही दिशा में है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही, नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री अरविन्द कुमार शर्मा, कृषि राज्य मंत्री श्री बलदेव सिंह ओलख, ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा राज्य मंत्री श्री सोमेन्द्र तोमर, खाद्य, रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री श्री सतीश चन्द्र शर्मा तथा मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार सिंह सहित केन्द्र व राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
——–
Khabre Junction (खबरें जंक्शन) is an emerging channel of the country. Where we introduce .. every news of your state and city. You will also be able to enjoy breaking news, politics, sports and entertainment related to the public interest of the country and the world here.
