ऐलनाबाद, 3 फरवरी (भार्गव)।शहर थाना पुलिस ने 6 ग्राम 26 मिलीग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में सप्लायर आरोपी को ऐलनाबाद क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि बीती 1 जनवरी 2026 को सीआईए ऐलनाबाद की टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ऐलनाबाद क्षेत्र से आरोपी राहुल उर्फ बिल्लियां पुत्र जग्गा सिंह निवासी वार्ड नंबर 5, ऐलनाबाद को 6 ग्राम 26 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह उक्त हेरोइन सोनू उर्फ जॉनी पुत्र कर्मसिंह निवासी वार्ड नंबर 5, ऐलनाबाद से लेकर आया था।
ऐलनाबाद थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर प्रगट सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने हेरोइन तस्करी में संलिप्त सप्लायर आरोपी सोनू उर्फ जॉनी पुत्र कर्मसिंह निवासी वार्ड नंबर 5, ऐलनाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
khabre junction
