आईफा मोदीनगर: वार्षिक कला प्रदर्शनी के समापन समारोह में छात्रों को सम्मानित, विदेशी कलाकारों को दी भावभीनी विदाई
मोदीनगर: इंस्टिट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स (आईफा) में आयोजित वार्षिक कला प्रदर्शनी के समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थाना प्रभारी मोदीनगर श्री आनंद प्रकाश मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि जसमीत सिंह (निष्काम सेवा जत्था), सोनिका जैन (उत्थान फाउंडेशन) और शालिनी नायर (पंजाबी संगठन) ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया।
प्रदर्शनी के अंतिम दिन कला प्रेमियों, विभिन्न स्कूलों के कला शिक्षकों, प्रिंसिपलों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की भारी भीड़ उमड़ी। राष्ट्रीय पुरस्कृत कलाकार श्री आनंद नारायण ने छात्रों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स, पोस्टर्स और अन्य कलाकृतियों का बारीकी से अवलोकन किया तथा युवा पीढ़ी को चित्रकला के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों पर विस्तृत जानकारी दी।
उत्कृष्ट कलाकृतियां प्रस्तुत करने वाले छात्रों को विभिन्न विभागों—पेंटिंग, अप्लाइड आर्ट, फैशन डिजाइनिंग और फाउंडेशन—में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। आनंद नारायण जी ने विजेता छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।

रॉयल ड्राइंग स्कूल लंदन के प्रसिद्ध कलाकार प्रो. एलिस लोखार्ड, प्रो. मेडेलिन वूड, प्रो. वेरोनिका पीट तथा प्रो. मैकडॉनल्ड, जो पिछले तीन महीनों से संस्थान में छात्रों को कला शिक्षा प्रदान कर रहे थे, उन्हें उपहार और तृतीय वर्ष के छात्र सिद्धार्थ गौतम द्वारा निर्मित उनके पोर्ट्रेट भेंट कर सम्मानित किया गया तथा भावभीनी विदाई दी गई।
प्रसिद्ध कलाकार स्वर्गीय रवि प्रांजपे और स्मिता प्रांजपे की स्मृति में संस्थापित ‘रवि प्रांजपे व स्मिता प्रांजपे चित्रदीक्षा छात्रवृत्ति’ के तहत चतुर्थ वर्ष पेंटिंग की छात्रा मेघा दीक्षित को 25,000 रुपये का चेक तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

संस्थान के सफलतापूर्वक 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर लंबे समय से कार्यरत नंदन रावत, सतीश यादव तथा कुसुम को 25 वर्ष की उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवा के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
संस्थान के मैनेजर डॉ. संघर्ष शर्मा ने प्रदर्शनी में पधारे सभी कला प्रेमियों, अभिभावकों, शिक्षकों, छात्रों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक-पॉलिटिकल अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
प्रदर्शनी की सफलता में प्रशासनिक अधिकारियों भौतेंद्र कुमार, अमित कुमार बंसल, डॉ. रूचि विद्यार्थी, प्रीति शर्मा, दीपांशु, प्रशांत झा, शीतल, स्वीटी, अंजलि, रीता घोष, अक्षिता वर्मा, पलक अत्रेय और आभा शर्मा आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस आयोजन ने कला के क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया।
