रील्स बनवा रही थी, जिंदगी से हाथ खो बैठी…

उत्तरकाशी, उत्तराखंड – सोशल मीडिया की दुनिया में एक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। उत्तरकाशी के मणिकर्णिका घाट पर रील्स बना रही 35 वर्षीय महिला विशेषता गंगा के तेज़ बहाव में बह गई। इस दर्दनाक घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पीछे से महिला की मासूम बेटी “मम्मी-मम्मी” चिल्लाते हुए सुनी जा सकती है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने अपनी बेटी को मोबाइल देकर कहा था कि वह उसका वीडियो बनाए। बेटी जैसे ही रिकॉर्डिंग शुरू कर रही थी, उतने में विशेषता का पैर फिसला और वह गंगा के उफनते पानी में समा गई। अपनी मां को आंखों के सामने बहते देख बच्ची चीखने-चिल्लाने लगी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रेस्पॉन्स फोर्स) और क्यूआरटी (क्विक रेस्पॉन्स टीम) मौके पर पहुंची। टीमों ने जोशियाड़ा बैराज की झील में बोट उतारकर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन खबर लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया था।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-घाटों पर सावधानी बरतें और ऐसी खतरनाक जगहों पर रील्स या वीडियो बनाने से बचें।

यह हादसा सोशल मीडिया की लत और लापरवाही का एक और भयानक उदाहरण बन गया है, जिसने एक मासूम से उसकी मां को छीन लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.