लखीसराय जेल में मानवाधिकार दिवस पर कार्यक्रम: बंदियों को अधिकारों और पुनर्वास के प्रति किया गया जागरूक

लखीसराय (सरफराज आलम)। मंडल कारा, लखीसराय में मानवाधिकार दिवस बड़े ही गरिमामय और सकारात्मक माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राजु कुमार, कारा अधीक्षक रमेश प्रसाद तथा वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने मानवाधिकारों की महत्ता, संवैधानिक प्रावधानों और राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि मानवाधिकार हर व्यक्ति का मूल अधिकार है और इसके संरक्षण के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने बंदियों से उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों और पुनर्वास योजनाओं के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है, और बंदियों के साथ मानवीय एवं सुरक्षित व्यवहार करना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राजु कुमार ने मुफ्त विधिक सहायता, पैरवी, लोक अदालत और अन्य कानूनी विकल्पों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के तहत बंदियों के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसमें मानवाधिकारों पर आधारित वीडियो प्रदर्शन, परामर्श सत्र और प्रश्न–उत्तर कार्यक्रम शामिल थे। बंदियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने कई सवालों का समाधान विशेषज्ञों द्वारा प्राप्त किया।

इसके अलावा कारा परिसर में स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, तथा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया, जिससे बंदियों में स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी।

कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और सभी उपस्थित अधिकारियों ने इसे समाज में मानवाधिकार संरक्षण एवं बंदियों के पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.