आधार कार्ड में कितनी बार बदल सकते हैं नाम, जेंडर और मोबाइल नंबर? जानिए UIDAI के नियम

नई दिल्ली: भारत में आधार कार्ड आज के समय का सबसे महत्वपूर्ण पहचान पत्र बन चुका है। मोबाइल सिम खरीदने से लेकर बैंक खाता खुलवाने, स्कूल-कॉलेज में एडमिशन और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक हर जगह आधार की आवश्यकता पड़ती है। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) द्वारा जारी 12 अंकों का आधार नंबर देश के करोड़ों नागरिकों की पहचान का प्रमुख दस्तावेज बन गया है।

आंकड़ों के अनुसार देश में अब तक 138 करोड़ से अधिक आधार कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जो भारत की लगभग 90 से 95 प्रतिशत आबादी को कवर करते हैं। वहीं प्रतिदिन औसतन 5 से 7 लाख नए आधार नामांकन भी किए जा रहे हैं। आधार कार्ड में नागरिकों का नाम, पता, जन्मतिथि और बायोमेट्रिक जानकारी दर्ज रहती है।

नाम बदलने की सीमा
UIDAI के नियमों के अनुसार कोई भी आधार कार्ड धारक अपने आधार में नाम या सरनेम जीवन भर में अधिकतम दो बार बदल सकता है। यदि किसी को दो बार से अधिक नाम बदलने की आवश्यकता पड़ती है तो इसके लिए अतिरिक्त दस्तावेज और गजट नोटिफिकेशन की जरूरत पड़ सकती है।

जेंडर केवल एक बार बदल सकते हैं
आधार कार्ड में जेंडर (महिला या पुरुष) बदलने की अनुमति भी दी जाती है, लेकिन यह सुविधा जीवन में केवल एक बार ही उपलब्ध है। इसलिए जेंडर अपडेट कराने से पहले पूरी जानकारी सही तरीके से दर्ज कराना जरूरी है।

मोबाइल नंबर बदलने की कोई सीमा नहीं
आज के समय में आधार से मोबाइल नंबर लिंक होना जरूरी हो गया है क्योंकि आधार से जुड़े अधिकांश कामों में OTP उसी नंबर पर भेजा जाता है। UIDAI के अनुसार आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर आप अपनी आवश्यकता के अनुसार कितनी भी बार बदल सकते हैं, इसकी कोई सीमा तय नहीं की गई है।

पता बदलने की भी कोई लिमिट नहीं
अगर कोई व्यक्ति नौकरी या अन्य कारणों से बार-बार शहर बदलता है, तो वह अपने आधार में एड्रेस भी कई बार अपडेट कर सकता है। UIDAI ने एड्रेस अपडेट करने की कोई सीमा तय नहीं की है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन अपडेट की प्रक्रिया
नाम, पता, जन्मतिथि या जेंडर जैसी डेमोग्राफिक जानकारी को ऑनलाइन अपडेट किया जा सकता है। वहीं मोबाइल नंबर या बायोमेट्रिक जानकारी जैसे फिंगरप्रिंट और फोटो अपडेट कराने के लिए आधार एनरोलमेंट सेंटर जाना जरूरी होता है।

अपडेट के लिए शुल्क
आधार में बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए 100 रुपये और डेमोग्राफिक अपडेट के लिए 75 रुपये शुल्क देना होता है। वहीं रंगीन आधार कार्ड डाउनलोड कराने के लिए 50 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।

विशेष परिस्थितियों में यदि किसी व्यक्ति को तय सीमा से अधिक बार जानकारी बदलनी हो, तो उसे UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय या ईमेल के माध्यम से आवेदन कर कारण और संबंधित प्रमाण देना होता है। जांच के बाद ही इसकी अनुमति दी जाती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.