चैत्र नवरात्र मेला विन्ध्याचल में आयोजित विन्ध्य महोत्सव का राज्यमंत्री खेल कूद एवं युवा कल्याण ने दीप प्रज्जवलित कर किया शुभारम्भ
विधानसभा नगर, छानबे व मड़िहान में खेल मैदान/स्टेडिय बनाने की घोषणा कर स्टेडियम हेतु प्रस्ताव बनाने तथा जिलाधिकारी से जमीन उपलब्ध कराने का दिया निर्देश
विधायक नगर, छानबे व मड़िहान एवं जिलाधिकारी कार्यक्रम रहे उपस्थित, नगर विधायक ने तीनोविधानसभाओ में स्टेडियम बनाए जाने की उठाई मांगमहोत्सव में देश नामचीन कलाकारो के साथ ही स्थानीय कलाकारो द्वारा भी दी गई भव्य प्रस्तुतियां
मीरजापुर 31 मार्च, 2025- विन्ध्यवासिनी देवी के धाम विन्ध्याचल में चल रहे चैत्र नवरात्र मेला में विन्ध्य तीर्थ विकास परिषद/जिला प्रशासन के द्वारा रोडवेज परिसर में आयोजित नव दिवसीय विन्ध्य महोत्सव (प्रथम दिन) का शुभारम्भ प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल युवा कल्याण विभाग गिरीश चन्द्र यादव के द्वारा देवी मां के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस अवसर पर मा0 विधायक नगर श्री रत्नाकर मिश्र, मा0 विधायक मड़िहान श्री रमाशंकर सिंह पटेल, मा0 विधायक छानबे श्रीमती रिंकी कोल के अलावा जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन उपस्थित रहें। आयोजित महोत्सव में मा0 विधायक नगर श्री रत्नाकर मिश्र ने अपने उद्बोधन में मा0 राज्यमंत्री का स्वागत व अभिनन्दन करते हुए कहा कि आज राज्यमंत्री खेल कूद एवं युवा कल्याण विभाग मां विन्ध्यवासिनी का दर्शन पूजन कर विन्ध्य महोत्सव में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दी हैं। मा0 विधायक नगर ने कहा कि जनपद के विधानसभाओ में युवाओ के खेलने हेतु कही खेल मैदान/स्टेडियम नही है। उन्होंने मा0 राज्यमंत्री से स्टेडियम की मांग करते हुए कहा कि यदि विधानसभा नगर सहित विधानसभा छानबे व मड़िहान में एक-एक स्टेडियम की स्वीकृति प्रदान की जाती है तो यहां के ग्रामीण अंचलो के युवाओ के प्रतिभा को निखार कर प्रदेश व देश स्तर पर खिलाड़ी बनाने में सहयोग प्रदान किया जा सकता हैं। उन्होने कहा कि मा0 मंत्री जी द्वारा आज स्टेडियम की घोषणा यहां के युवाओ के लिए किया जाए जमीन हम जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर चिन्हित किया जाएगा।
मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खूल कूद एवं युवा कल्याण श्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रत्येक नवरात्र में मां विन्ध्यवासिनी का आशीर्वाद लेने वे आते है इस बार विन्ध्य महोत्सव कार्यक्रम का शुभारम्भ करने का अवसर प्राप्त हुआ। मा0 मंत्री ने कहा कि सर्वप्रथम मां विन्ध्यवासिनी के धाम से विधायक नगर जी के द्वारा स्टेडियम की मांग की गई है यहां पर आकर उसे इन्कार नही किया जा सकता। उन्होंने विधानसभा नगर सहित विधानसभा व विधानसभा छानबे में भी एक-एक स्टेडियम बनवाने की घोषणा करते हुए जिलाधिकारी से कहा कि जितनी जल्दी इन विधानसभाओ में जमीन उपलब्ध कराकर प्रस्ताव भेज दिया जाता है उतनी ही जल्दी स्टेडियम की स्वीकृति प्रदान करते हुए धनराशि भी अवमुक्त कर दिया जाएगा जिसका उपस्थित सभी लोगो के द्वारा तालियां बजाकर सराहना की गई। मा0 खेल कूद एवं युवा कल्याण मंत्री ने कहा कि आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक धरोहरो को आने वाली पीढ़ी को अवगत कराने के लिए महोत्सवो का आयोजन किया जाता हैं। जनपद मीरजापुर धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक नगरी है यहां के संस्कृति को सहेजने के लिए प्रदेश व देश के कलाकारो के साथ ही स्थानीय कलाकारो को भी मंच पर अवसर प्रदान किया जाना आवश्यक हैं तभी दूर दराज के कलाकार व आने वाली पीढ़ी हमारी संस्कृति को पहचान कर उसको संरक्षित कर सकते हैं। इसके पूर्व जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मा0 राज्यमंत्री व मा0 विधायकगण को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम व देवी चित्र स्मृति चिन्ह के रूप में प्रदान कर स्वागत व अभिनन्दन किया। इस अवसर पर मा0 मंत्री मा0 विधायकगण के द्वारा सांस्कृतिक मंच पर अपनी प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकारो को सम्मानित भी किया। सांस्कृतिक पण्डाल में प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा एवं सुशासन नीति के 08 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका/बुकलेट, विभिन्न योजनाओ से सम्बन्धित फोल्डर का भी वितरण सूचना कार्यालय के कर्मचारियो द्वारा वितरित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमो में उत्तराखण्ड से पधारे मंच पर जहां हारूल उरूफ जन जाति संस्थान सांस्कृतिक टीम के द्वारा उत्तराखण्ड नृत्य प्रस्तुत कर लोगो का मनोरंजन कराया तो वही स्थानीय कलाकारो में रेखा गौड़ लोकगायिका के द्वारा देवी गीत व भजन प्रस्तुत कर लोगो को मंत्रमुग्ध किया गया। जनपद की मशहूर अन्तर्राष्ट्रीय कजरी/लोकगायिका पद्श्री उर्मिला श्रीवास्तव ‘‘मेरी देवी विन्ध्याचल की …….’’ देवीगीत सहित अनेक भजन व लोगो की मांग पर कजरी की प्रस्तुति की गई। मीरजापुर के ही निवासी पंडित महेश्वर पति त्रिपाठी के शिष्य मनीष शर्मा एण्ड टीम के द्वारा शिव तांडव व गंगा नृत्य पर आधारित कई कथक नृत्य प्रस्तुत कर लोगो को अपनी तरफ आकर्षित किया। मंत्र पर वाराणसी से पधारी लोकगायिका रंजना राय ने देवीगीत, राम भजन सहित अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर उप जिला मजिस्ट्रेट शक्ति प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय, जिला पूर्ति अधिकारी संजय बरनवाल, डिप्टी कलेक्टर संजीव कुमार, तहसीलदार योगेन्द्र शरण शाह के अलावा अन्य सभी सम्बन्धित अधिकारी व भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहें।
