हिंदू मुस्लिम भाइयों ने मिलकर मनाया ईद मिलादुन्नबी का त्यौहार
ककराला में ईद मिलादुन्नबी का जुलूस शांति और भाईचारे के साथ संपन्न
ककराला: ईद मिलादुन्नबी का त्यौहार इस वर्ष ककराला में हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे की मिसाल पेश करता हुआ नजर आया। जुलूस का आगाज़ जियारत शरीफ से हुआ और यह अपने परंपरागत रास्तों से होता हुआ हुसैन गली तक शांति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
मदरसों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी
मदरसा कमरूल उलूम, मदरसा सकलैनिया, दावत-ए-इस्लामी यूनिट ककराला, मदरसा गुलशन-ए-इस्लाम समेत कई मदरसों और मोहल्लों के लोगों ने जुलूस में शिरकत की। इस अवसर पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
पुष्प वर्षा और भाईचारे का माहौल
वरिष्ठ पत्रकार हामिद अली खान राजपूत और मानवाधिकार परिषद के पदाधिकारियों ने जुलूस पर पुष्प वर्षा की। जगह-जगह हिंदू भाइयों ने भी फूल बरसाकर गंगा-जमुनी तहजीब और एकता का उदाहरण प्रस्तुत किया।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का योगदान
जुलूस के दौरान थाना प्रभारी उदयवीर सिंह, चौकी इंचार्ज सुमित चौधरी पुलिस बल के साथ तैनात रहे और व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संभाला।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष मुंतखाब अहमद सकलैनी, पूर्व अध्यक्ष महबूब सकलैनी, विद्युत विभाग के जेई राकेश कुमार, मौलाना रिफाकत, मुफ्ती फहीम, हाफिज जान मोहम्मद, कारी कैश, अमित अग्रवाल, नीरज गुप्ता, मुन्नालाल, सुमित अग्रवाल सहित हजारों लोग मौजूद रहे।
बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक मुस्लिम खान ने पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए दान कैंप लगाया और खुद सहयोग करते हुए लोगों से मदद की अपील की।
