मुरादनगर: रमजान के पाक महीने में मुरादनगर के मलिक नगर इलाके में दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान दोनों पक्षों के लोग छतों पर चढ़ गए और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। इस घटना ने एक बड़ा सवाल भी खड़ा कर दिया है कि आखिर छतों पर इतनी मात्रा में ईंट-पत्थर पहले से कैसे जमा हो जाते हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर 14 नामजद और 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस वीडियो फुटेज की जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
