- रिपोर्ट : शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र।जनपद के बभनी क्षेत्र में बिना मानक और वैध अनुमति के संचालित निजी अस्पतालों, क्लिनिकों और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को सख्त कार्रवाई की। सह नोडल अधिकारी गुरु प्रसाद के नेतृत्व में गठित टीम ने एक के बाद एक कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर अवैध संचालन का खुलासा किया और कई को सील कर दिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई की भनक लगते ही अधिकांश अवैध क्लिनिक संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए और मौके से फरार हो गए। टीम के पहुंचने पर बंद मिले क्लिनिकों पर कारण बताओ नोटिस चस्पा किया गया। इस दौरान नीरज होम्यो हॉल और मार्डन पैथोलॉजी सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। नोटिस के माध्यम से संचालकों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाल चिकित्सालय का निरीक्षण किया, जहां भी अनियमितताएं पाए जाने पर नोटिस चस्पा किया गया। कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए बभनी बाजार स्थित संजीवनी हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर को सील किया गया। वहीं, चौना रोड पर स्थित आशीर्वाद क्लिनिक और न्यू होम्योपैथी चिकित्सालय पर भी सील की कार्रवाई की गई।
स्वास्थ्य विभाग की इस अचानक हुई छापेमारी से क्षेत्र के अवैध रूप से संचालित चिकित्सा प्रतिष्ठानों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सह नोडल अधिकारी गुरु प्रसाद ने बताया कि संजीवनी हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर के संचालक के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा और बिना पंजीकरण व मानकों के संचालित किसी भी चिकित्सा प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नियमों के तहत चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों ने राहत की सांस ली है, वहीं अवैध रूप से क्लिनिक चलाने वालों में खलबली मची हुई है।
khabre junction
