- रिपोर्ट- मनोज यादव
एटा: सीआईएसएफ एटा द्वारा “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” पहल के अन्तर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविर सिर्फ़ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का जोश भरा संदेश है। आज जब नारी स्वास्थ्य की अनदेखी सबसे बड़ी सामाजिक चुनौती बन चुकी है, तब सीआईएसएफ ने यह साबित कर दिया कि सुरक्षा सिर्फ़ सीमाओं की नहीं, बल्कि समाज की बुनियाद — नारी शक्ति की भी होनी चाहिए।
इस शिविर में महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच, जागरूकता और उपचार की सुविधाएँ प्रदान की गईं। यह कदम बताता है कि एक सशक्त परिवार की नींव स्वस्थ महिला से ही रखी जाती है। दुर्भाग्य यह है कि हमारे समाज में महिलाओं का स्वास्थ्य अक्सर उपेक्षित रह जाता है। वे पहले परिवार का ख्याल रखती हैं, फिर खुद को आख़िरी पायदान पर रखती हैं। यही वजह है कि एनीमिया, हड्डियों की कमजोरी, हार्मोनल समस्याएँ और मानसिक तनाव जैसी बीमारियाँ सामान्य हो गई हैं।
सीआईएसएफ की यह पहल सिर्फ़ इलाज तक सीमित नहीं, बल्कि नारी को सम्मान और सुरक्षा का अहसास कराती है। यह स्पष्ट संदेश देती है — अगर महिला स्वस्थ है तो परिवार सशक्त होगा, और जब परिवार सशक्त होगा तो राष्ट्र भी मज़बूत होगा।
इस कार्यक्रम का आयोजन सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट श्री अखिलेश चन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में किया गया। सीएचसी सकीट की स्वास्थ्य जांच टीम के डाक्टरों ने महिलाओं की जांच कर इलाज किया और सभी को जागरूक किया।
