विश्व महिला दिवस पर इंदिरा नगर में स्वास्थ्य शिविर, महिलाओं के बनाए गए आयुष्मान गोल्डन कार्ड

लखनऊ। विश्व महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को इंदिरा नगर क्षेत्र के नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिलाओं के स्वास्थ्य और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम के तहत एक स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंदिरा नगर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मयंक जलोटे ने किया। उनके निर्देशन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पटेल नगर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुग्गामऊ और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मलेशेमऊ में भी महिला दिवस के अवसर पर विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं।

स्वास्थ्य शिविर के दौरान आशा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए विशेष रूप से आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। शिविर में स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, नियमित जांच कराने और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। साथ ही उन्हें बताया गया कि आयुष्मान गोल्डन कार्ड के माध्यम से वे जरूरत पड़ने पर बड़ी से बड़ी बीमारी का इलाज भी निर्धारित अस्पतालों में निःशुल्क करा सकती हैं।

इस अवसर पर डॉ. मयंक जलोटे ने कहा कि विश्व महिला दिवस महिलाओं के योगदान को सम्मान देने का दिन है। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं का स्वास्थ्य बेहतर होगा तो परिवार और समाज दोनों मजबूत होंगे। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन करता है, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता और स्थानीय महिलाएं उत्साह के साथ उपस्थित रहीं। क्षेत्र के लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिलाओं के लिए एक सकारात्मक और उपयोगी कदम बताया।

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.