लगातार अनुशासनहीनता के चलते हेड कांस्टेबल चमन सिंह का रामपुर से खीरी तबादला
अनुशासनहीनता, ड्यूटी में लापरवाही और आपराधिक मामलों में लिप्त होने पर हुई कड़ी कार्रवाई
रामपुर: उत्तर प्रदेश पुलिस के हेड कांस्टेबल चमन सिंह (पुत्र श्री विजयवीर, निवासी जनपद अमरोहा, भर्ती तिथि: 12.01.2011) को अनुशासनहीनता, ड्यूटी में लापरवाही और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के चलते जनपद रामपुर से प्रशासनिक आधार पर जनपद खीरी स्थानांतरित किया गया है।
अयोध्या ड्यूटी में लापरवाही और मारपीट की घटनाएं बनीं स्थानांतरण का आधार
हेड कांस्टेबल चमन सिंह को 02 फरवरी 2021 को थाना खजुरिया से अयोध्या ड्यूटी हेतु पुलिस लाइन, रामपुर भेजा गया था, लेकिन उन्होंने ड्यूटी पर रवाना होने में लापरवाही बरती और पुलिस विभाग के अनुशासन का उल्लंघन किया। इस कृत्य के लिए उन्हें परिनिन्दा से दण्डित किया गया।
आमजन के साथ मारपीट व पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अभद्रता
05 अगस्त 2022 को थाना सिविल लाइन क्षेत्र में आमजन के साथ मारपीट और गाली-गलौच करने के चलते उन्हें द्वितीय बार निलंबित किया गया। इसके अतिरिक्त, 19 फरवरी 2023 को पुलिस अधीक्षक कैम्प कार्यालय में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार और थाना प्रभारी सिविल लाइन के साथ मारपीट करने एवं जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर भागने के कारण पुनः निलंबन की कार्रवाई की गई।
कई आपराधिक मामलों में नामजद, न्यायालय में विचाराधीन हैं केस
हेड कांस्टेबल चमन सिंह के विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 5 अभियोग पंजीकृत हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं।
विभागीय सजा और वेतन कटौती
उन्हें अब तक चार बार परिनिन्दा, तीन बार छुद्र दंड, तथा तीन वर्षों के लिए न्यूनतम वेतन पर प्रत्यावर्तित करने की सजा दी जा चुकी है (प्रभावी तिथि: 06.04.2025 तक)।
उच्चाधिकारियों से लगातार शिकायतें, अंततः लखनऊ मुख्यालय का आदेश
हेड कांस्टेबल चमन सिंह की निरंतर अनुशासनहीनता और आमजन की शिकायतों के चलते रामपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय, लखनऊ को पत्राचार कर सूचित किया था। इसी के आधार पर उन्हें प्रशासनिक दृष्टि से जनपद खीरी स्थानांतरित किया गया।
