सिरसा (सी एम ग्रोवर प्रेसवार्ता) हरियाणा प्रदेश के कांग्रेस दिग्गजों और कांग्रेस पक्षीय सोच रखने वालों की सोच में बदलती रफ्तार तीव्र गति पकड़ रही है, क्योंकि हरियाणा कांग्रेस पिछले एक दशक से अपने ही बोझ के नीचे दबी हुई है। वर्तमान में कांग्रेस हरियाणा का प्रमुख विपक्षी दल है और 90 विधायकों वाली हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस के 37 विधायक हैं, मगर करीब दस माह बीत जाने के बाद भी अभी तक कांग्रेस अपना विधायक दल का नेता नहीं बना पाई। हरियाणा कांग्रेस पर”हम तुम्हें चाहें, तुम किसी और को चाहो, खुदा करे जिसे तुम चाहो,वह किसी और को चाहे” पंक्तियां पूर्णतया खरी उतरती है। विधानसभा चुनाव में हरियाणवी मतदाताओं की भाजपा जजपा तालमेल वाली सरकार से नाराज़गी थी, मगर कांग्रेस नेताओं का आपसी कलह मतदाताओं की सोच में बदलाव आने के बावजूद भी उसे कैश नहीं कर पाया,जिस कारण कांग्रेस के ख्वाब आंसुओं में बह गए और भाजपा विजयी हैट्रिक लगाने में कामयाब हो गई हैट्रिक तो कांग्रेस ने भी लगाई पराजय की। राज्य की मौजूदा राजनीतिक तस्वीर में नायब सैनी की कार्यशैली से भाजपा का जनाधार बढ़ता नजर आने लगा है, जबकि कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा हिचकोले खा रहा है और घुटते राजनीतिक दम से कांग्रेसियों की कांग्रेस से दूरी बढ़ती नजर आ रही है। विधानसभा चुनाव में टिकट से वंचित कांग्रेसियों के बढ़ते आंकड़े से ऐसे आसार नजर आ रहे थे कि भाजपा एक तिहाई विधानसभा क्षेत्रों तक ही विजयी परचम लहरा पायेंगी, मगर आधे से ज्यादा विधायकों के साथ स्पष्ट बहुमत देकर हरियाणवी मतदाताओं ने कांग्रेस को “जोर का झटका धीरे से” दिया। मतदाताओं के इस झटके से अभी भी कांग्रेस ने कोई सबक नहीं लिया, जिसकी पुष्टि विपक्षी दल नेता का चयन न होने से मिलती है। कांग्रेस के राजसी दिग्गजों के दवाब में टिकट वितरण प्रक्रिया की चूक और अपनों को अपनों के ही विरोध का सामना करना पड़ा, जिससे भाजपा लाभांवित हुई। कांग्रेस के सत्ता की तरफ बढ़ रहे कदमों पर कांग्रेस नेता निर्मल सिंह, चित्रा सलवारा, शमशेर विर्क, संजय अहलावत, नरेश यादव, नरेश सेलवाल, राकेश कंबोज, अंजना बाल्मीकि,गजे सिंह कबलाना, रामनिवास घोडेला, मोहित, मुहम्मद अज़ीज़ ने रोक लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हरियाणा में थमने का नाम न लेने वाले कांग्रेसी कलह से ज्यादातर कांग्रेसी नेताओं ने दूरी बनाने की राह पकड़ ली है, क्योंकि उनका निजी वोट बैंक खिसकने लग गया है।
