हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई

ऐलनाबाद के बारह मासी रोटी सेवा ट्रस्ट से 465 नशीली गोलियां बरामद

ऐलनाबाद(एम.पी. भार्गव)। हरियाणा सरकार के “नशा मुक्त प्रदेश” के संकल्प को साकार करने के लिए चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सिरसा यूनिट ने ऐलनाबाद में एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने बारह मासी रोटी सेवा ट्रस्ट के परिसर से 465 नशीली प्रतिबंधित गोलियां बरामद कीं।

ब्यूरो प्रमुख एवं पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह के दिशा-निर्देशों पर नशा तस्करों के खिलाफ पूरे प्रदेश में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में की गई इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।

सिरसा यूनिट के इंचार्ज निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उप-निरीक्षक बनवारी लाल के साथ टीम को ट्रस्ट की आड़ में अवैध दवाइयों की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम ने ड्रग कंट्रोल अधिकारी केशव वशिष्ठ के साथ संयुक्त रूप से ट्रस्ट परिसर पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद राजेश वर्मा पुत्र हेतराम की तलाशी ली गई, जिसमें से 105 कैप्सूल सिग्नेचर और 360 गोलियां टपेंटाडोल बरामद हुईं। बरामद दवाइयों का कोई रिकॉर्ड, बिल, लाइसेंस या वैध चिकित्सा उपयोग का प्रमाण नहीं मिला। यह स्पष्ट रूप से एनडीपीएस अधिनियम तथा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट का उल्लंघन है।

डीसीओ सिरसा केशव वशिष्ठ ने नियम अनुसार सभी नशीली दवाओं को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

उन्होंने कहा कि समाजसेवी संस्था, दुकान, प्रतिष्ठान या किसी भी प्रकार के ट्रस्ट के नाम पर नशे का अवैध व्यापार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हरियाणा एनसीबी ने आम जनता से नशे की बुराई मिटाने में सहयोग की अपील की है। अधिकारी ने बताया कि नशा तस्करी या बिक्री संबंधी किसी भी सूचना को तुरंत टोल-फ्री नंबर 1933 (एनसीबी नेशनल हेल्पलाइन) या 90508-91508 (हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन) पर साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.