Haryana news: जिले की मंडियों में रबी फसल खरीद प्रकिया और मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारी
ऐलनाबाद, 11 अप्रैल( एमपी भार्गव): जिले में सरसो और गेहूं की फसल खरीद का कार्य जोरों पर है। ऐसे में किसानों को फसल बेचने के दौरान मंडियों में कोई परेशानी न आए, यह सुनिश्चित करने के लिए वीरवार को एसडीएम अर्पित संगल, राजेंद्र कुमार, पारस भागोरिया और सीटीएम यश मलिक व डीएफएससी मुकेश कुमार ने मंडियों व फसल खरीद केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाएं जानी। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद आढ़तियों, किसानों-मजदूरों से बातचीत की और विभागीय अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया सुचारू बनाए रखने और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। जिले में बुधवार तक 2384 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है जिसमें हैफेड द्वारा 2265 मीट्रिक टन और हरियाणा राज्य भंडारण निगम द्वारा 119 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है। वहीं 45137 मीट्रिक टन सरसो की खरीद की जा चुकी है जिसमें 25220 हैफेड और 19917 मीट्रिक टन हरियाणा राज्य भंडारण निगम द्वारा खरीद की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने के दिए निर्देश
ऐलनाबाद एसडीएम पारस भागोरिया ने डीएफएससी मुकेश कुमार के साथ ऐलनाबाद मंडी का दौरा कर खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में किसानों और मजदूरों से बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों से मंडियों में स्वच्छ पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और प्राथमिक सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने बारे जानकारी ली। यही नहीं आढ़तियों के साथ बैठक करते हुए उनकी समस्याएं जानी। इस दौरान आढ़तियों ने मंडी में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग की, जिस पर एसडीएम ने जल्द समाधान के निर्देश देते हुए गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने मार्केट कमेटी व खरीद एजेंसियों के अधिकारियों से ऐलनाबाद, तलवाडा, भूर्टवाला और धोलपालिया केंद्रों पर खरीद कार्यों आदि के बारे में चर्चा की और अधिकारियों को सभी के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान मार्केट कमेटी सचिव विकास सेतिया, सहायक सचिव बलराज बाना, हैफेड मैनेजर राजेंद्र सिंह, हरियाणा वेयरहाउस कॉर्पोरेशन से वेयरहाउस इंचार्ज रामचंद्र, प्रधान अजय सिंह झोरड़, विनोद जसरासरिया, भजनलाल, हैप्पी मेहता, विनोद गीगोरानी, गुरसेवक सिंह, भावुक मेहता, अशोक कुमार आदि आढ़ती भी मौजूद रहे।
