हरियाणा में पेश किए गए बजट को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। कांग्रेस जिला सचिव बलजीत सिंह अरोड़ा ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए बजट को पूरी तरह निराशाजनक और दिशाहीन करार दिया।
बलजीत सिंह अरोड़ा ने कहा कि जब-जब चुनाव नजदीक आते हैं, तब-तब भाजपा सरकार जनता को लुभाने के लिए बड़ी-बड़ी योजनाओं की घोषणाएं करती है, लेकिन चुनाव संपन्न होने के बाद अधिकांश योजनाएं कागजों तक ही सीमित रह जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा घोषित योजनाओं पर जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नहीं किया जाता।
उन्होंने कहा कि यह बजट केवल “खानापूर्ति” साबित हो रहा है और इसमें आम जनता, किसानों, युवाओं और कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की गई है। अरोड़ा ने आरोप लगाया कि सरकार ने विकास के नाम पर जनता के साथ बड़ा धोखा किया है।
कांग्रेस नेता ने मांग की कि सरकार बजट में घोषित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करे और प्रदेश की जनता को वास्तविक लाभ पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाए।
