मानसून पूर्व तैयारियों में लापरवाही बरत रही है हरियाणा सरकार: कुमारी सैलजा
जलभराव और गंदगी के हालात के लिए सरकार को ठहराया जिम्मेदार
- रिपोर्ट: एमपी भार्गव
ऐलनाबाद: सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा सरकार पर मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकतर शहरों में नगर निगम, परिषद और पालिकाओं की हालत बद से बदतर हो चुकी है। नालों की न तो समय पर सफाई की जा रही है, न उनकी मरम्मत और न ही अतिक्रमण हटाने की कोई ठोस कार्रवाई हो रही है।
बारिश का बहाना बनाकर हर साल पल्ला झाड़ती है सरकार
कुमारी सैलजा ने कहा कि हर साल जब बारिश के कारण जलभराव और गंदगी फैलती है, तो सरकार इसका ठीकरा अत्यधिक वर्षा पर फोड़ देती है। लेकिन सच्चाई यह है कि सरकार की तैयारी हमेशा नाकाफी रहती है। उन्होंने चेताया कि इस बार भी अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश की जनता को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
मार्च में सरकार को चेतावनी के बावजूद नहीं हुई कोई कार्रवाई
सांसद सैलजा ने बताया कि उन्होंने मार्च माह में ही सरकार को पत्र लिखकर संभावित जल संकट और मानसून की तैयारियों के लिए सचेत किया था। लेकिन सरकार ने कोई संज्ञान नहीं लिया। आज स्थिति यह है कि नाले प्लास्टिक और मलबे से भरे पड़े हैं, स्लैब टूटे हैं, गड्ढे खुले हैं, और अतिक्रमण के कारण सफाई भी नहीं हो पा रही है।
हर शहर में गंदगी का अंबार, सिस्टम गंदगी में डूबा हुआ
कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश के लगभग हर शहर में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि पूरा सिस्टम गंदगी में डूबा हुआ है। नालों की जर्जर स्थिति, टूटी स्लैब और जल निकासी की कमी के कारण बरसात के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
आपात निर्देश जारी कर युद्धस्तर पर की जाए कार्रवाई
उन्होंने सुझाव दिया कि यदि सरकार की मंशा ठीक है, तो सभी स्थानीय निकायों को आपात निर्देश जारी कर नालों की सफाई, मरम्मत और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई युद्धस्तर पर शुरू करवाई जाए। जलभराव वाले क्षेत्रों में पंपिंग स्टेशन बनाए जाएं और वैकल्पिक ड्रेनेज योजना को लागू किया जाए।
मौसम विभाग की चेतावनियों को नजरअंदाज न करें सरकार
कुमारी सैलजा ने कहा कि मौसम का लगातार बदलता मिजाज सरकार के लिए एक चेतावनी है। सरकार को चाहिए कि वह मौसम विभाग की चेतावनियों पर गंभीरता से ध्यान दे और जनता को संभावित परेशानियों से बचाने के लिए ठोस और समयबद्ध प्रबंध करे।
असंवेदनशीलता का खामियाजा जनता न भुगते
अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की असंवेदनशीलता का खामियाजा प्रदेश की जनता को नहीं भुगतना चाहिए। सरकार को चाहिए कि वह तुरंत कार्यवाही करे और जनता को मानसून से पहले राहत पहुंचाए।
