हरियाणा सरकार द्वारा नशा मुक्त समाज की दिशा में ग्रामीणों को साइक्लोथॉन में भाग लेने के लिए किया गया प्रेरित

नशा मुक्ति अभियान को लेकर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की पहल

ऐलनाबाद, सिरसा ( एम पी भार्गव ): हरियाणा सरकार द्वारा नशा मुक्त समाज की दिशा में उठाए गए कदमों के तहत आगामी 26 अप्रैल को आयोजित होने वाली साइक्लोथॉन को लेकर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। विभाग की टीम गांव-गांव जाकर लोगों को इस अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रही है।

भजन मंडली के माध्यम से सरकार की योजनाओं का प्रचार
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने और लोगों को साइक्लोथॉन से जोड़ने के लिए भजन मंडलियां भी अहम भूमिका निभा रही हैं। शुक्रवार को लीडर भजन पार्टी जुगती राम और सदस्य भजन पार्टी अमरजीत सिंह ने गांव सक्ताखेड़ा और शेरगढ़ में लोगों से संपर्क किया और उन्हें साइक्लोथॉन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

नशा विरोधी अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील
भजन मंडली ने ग्रामीणों को बताया कि यह साइक्लोथॉन हरियाणा सरकार द्वारा नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। यह यात्रा हरियाणा के सभी जिलों से होकर गुजरेगी और 26 अप्रैल को सिरसा जिला में प्रवेश करेगी। 27 अप्रैल को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर आगे बढ़ाएंगे।

हरियाणा उदय पोर्टल पर पंजीकरण की अपील
ग्रामीणों से आग्रह किया गया कि वे अपने गांव के युवाओं को इस अभियान से जोड़ें और हरियाणा उदय पोर्टल पर पंजीकरण कराकर साइकिल यात्रा में भाग लेने हेतु प्रेरित करें। यह पहल नशे के खिलाफ एक सशक्त सामाजिक संदेश देने की दिशा में एक अहम कदम है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.