सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में गूंजेगी गुरदास मान की आवाज, 8 फरवरी को महा स्टेज पर सांस्कृतिक संध्या
फरीदाबाद, 6 फरवरी। फरीदाबाद में आयोजित किए जा रहे 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में इस वर्ष सांस्कृतिक संध्याओं का आकर्षण और भी बढ़ गया है। प्रसिद्ध पंजाबी गायक एवं अभिनेता गुरदास मान अपनी सुरीली आवाज और लोकधुनों के साथ मेले में पंजाबी मां बोली का जादू बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
हरियाणा पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सूरजकुंड मेले में पद्मश्री कैलाश खेर सहित कई नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में गुरदास मान की प्रस्तुति भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
जानकारी के अनुसार, पंजाबी गायक गुरदास मान 8 फरवरी को सूरजकुंड मेले के महा स्टेज पर अपनी लोकप्रिय रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को पंजाब की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू कराएंगे। उनके गीतों में मिट्टी की खुशबू, रिश्तों की गर्माहट और जीवन के विविध रंग झलकते हैं, जो हर आयु वर्ग के श्रोताओं को भावविभोर कर देते हैं और सीधे दिलों को छू जाते हैं।
उल्लेखनीय है कि सूरजकुंड मेला केवल हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं का संगम ही नहीं, बल्कि देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। ऐसे में गुरदास मान की प्रस्तुति मेले की सांस्कृतिक गरिमा को और अधिक ऊंचाई प्रदान करेगी।
उनकी ऊर्जा से भरपूर लाइव परफॉर्मेंस न केवल पंजाबी संगीत प्रेमियों के लिए यादगार साबित होगी, बल्कि देश-विदेश से आए पर्यटकों को भी भारतीय लोक संगीत की मधुरता और सांस्कृतिक समृद्धि का अनूठा अनुभव कराएगी। इस भव्य सांस्कृतिक संध्या में बड़ी संख्या में दर्शकों के शामिल होने की संभावना है, जो संगीत, परंपरा और उत्सव के इस अनोखे संगम का भरपूर आनंद लेंगे।
