कुरुक्षेत्र में ‘बैसाखी महोत्सव 2026’ का भव्य आगाज़, CM नायब सैनी ने किसानों और संस्कृति को किया नमन

कुरुक्षेत्र। धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की पावन भूमि पर आयोजित दो दिवसीय ‘बैसाखी महोत्सव 2026’ का भव्य उद्घाटन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेशवासियों को बैसाखी की शुभकामनाएं देते हुए इस पर्व के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैसाखी का दिन किसानों के परिश्रम और समर्पण का उत्सव है। यह वही ऐतिहासिक दिन है, जब वर्ष 1699 में दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने खालसा पंथ की स्थापना की थी। उन्होंने धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की पवित्र धरा से महान गुरुओं के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन किया।

उन्होंने कहा कि आज यह पावन भूमि बैसाखी के उत्सव में ऊर्जा और उल्लास से सराबोर है। जब खेतों में लहलहाती फसलें पककर तैयार होती हैं, तो किसान का हृदय गर्व और आनंद से भर उठता है। यह पर्व किसानों की मेहनत और उनके योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आगे कहा कि बैसाखी का त्योहार हमारी आस्था, परंपरा और इतिहास का जीवंत प्रमाण है। यह हमें प्रकृति के साथ जुड़ने, श्रम के सम्मान को समझने और समृद्धि का उत्सव मनाने की प्रेरणा देता है।

दो दिवसीय इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक भाग ले रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.