राजकीय महाविद्यालय ऐलनाबाद और सर छोटू राम कॉलेज ऐलनाबाद के बीच एमओयू साइन, शैक्षिक व शोध गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

ऐलनाबाद, 12 फरवरी (एम. पी. भार्गव)। शैक्षिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के समग्र विकास के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय ऐलनाबाद और सर छोटू राम कॉलेज ऐलनाबाद के बीच एक महत्वपूर्ण मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू राजकीय महाविद्यालय ऐलनाबाद के प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार और सर छोटू राम कॉलेज ऐलनाबाद के चेयरमैन चौधरी रणजीत सिंह के बीच संपन्न हुआ।

इस एमओयू के अंतर्गत दोनों महाविद्यालयों के बीच मानव संसाधन, शैक्षणिक सुविधाओं तथा अन्य संसाधनों का आदान-प्रदान किया जाएगा, जिससे संस्थानों के चहुंमुखी विकास को गति मिलेगी। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार ने कहा कि यह समझौता महाविद्यालय के विकास के नए आयाम स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से शैक्षणिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक और शोध गतिविधियों को साझा मंच मिलेगा और सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

वहीं सर छोटू राम कॉलेज ऐलनाबाद के चेयरमैन चौधरी रणजीत सिंह ने भी इस एमओयू पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस समझौते के माध्यम से दोनों संस्थान मिलकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। इस अवसर पर प्रो. सुरेश कुमारी, प्रो. अशोक कुमार, डॉ. अनूप कुमार, डॉ. सुमित्रा सिंह और वेद सिंह सहित अन्य शिक्षण स्टाफ भी उपस्थित रहे।

इसी क्रम में प्राचार्य डॉ. सज्जन कुमार की अध्यक्षता और कार्यक्रम अधिकारी प्रो. राजवीर के संयोजन में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय शिविर के छठे दिन की शुरुआत सरस्वती वंदना, लक्ष्य गीत और योग सत्र के साथ हुई। “यूथ फॉर माई भारत” और “यूथ फॉर सतत विकास” थीम पर आधारित इस शिविर में छात्राओं के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किया गया।

इसके बाद रेड क्रॉस सिरसा के श्री गुरचरण सिंह द्वारा प्राथमिक उपचार पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें स्वयंसेवकों को घाव पर पट्टी बांधना, रक्तस्राव रोकना, जलने की स्थिति में उपचार, बेहोशी की अवस्था में सहायता और सीपीआर जैसी जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सुरक्षित सहायता करने के व्यवहारिक उपाय भी बताए गए।

अगले सत्र में कार्यक्रम अधिकारी श्री राजवीर सिंह ने व्यक्तित्व विकास विषय पर व्याख्यान दिया, जबकि डॉ. पूजा ने “अध्यात्म” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों और मानसिक शांति के महत्व पर प्रकाश डाला। दिन का समापन खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ, जिसमें स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.