गोल्डन बैंक्विट हॉल के मालिक हर्ष नरूला के साथ की मारपीट… रात 1:00 बजे डीजे बजाने से मना किया तो मालिक को ही पीट दिया एनआईटी-3 स्थित फरीदाबाद के एक नामी बैंक्वेट हॉल में शनिवार रात एक पार्टी के दौरान भारी हंगामा हो गया, जब डीजे की आवाज़ को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना का शिकार बने हर्ष नरूला, जो पेशे से व्यवसायी हैं और 1A-170, एनआईटी फरीदाबाद के निवासी हैं, हर्ष नरूला ने बताया कि उन्होंने ‘गोल्डन बैंक्वेट’ को लीज़ पर ले रखा है और 11 मई को सोनू और पीटर नामक युवकों ने एक निजी पार्टी के लिए हॉल बुक कराया था
पार्टी के दौरान रात करीब 1 बजे डीजे की तेज़ आवाज़ को लेकर कुछ असहमति हुई। जब हर्ष ने डीजे बंद करवाने का आग्रह किया, तो पीटर और उसके साथी आक्रोशित हो उठे और बहस छिड़ गई।
देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और पीटर, हिमांशु बहल, अंकित, अमित लोहिया सहित करीब 10 से 15 युवकों ने हर्ष पर एक साथ हमला कर दिया। हर्ष ने बताया कि मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि उनके दोनों मोबाइल फोन ज़मीन पर पटककर तोड़ दिए गए और उनकी कलाई से करीब 5 तोले वज़न का सोने का ब्रेसलेट भी छीन लिया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उन्हें जबरन एक गाड़ी में बिठाने की भी कोशिश की और इस दौरान भी मारपीट जारी रखी। हमले में हर्ष की दोनों आंखों में गंभीर चोटें आई हैं और एक दांत भी टूट गया। उन्होंने इस पूरी घटना को एक सोची-समझी साजिश करार दिया है। कई लोगों का कहना है कि बैंक्वेट हॉल में इस प्रकार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, और ऐसे आयोजनों पर सख्त निगरानी की ज़रूरत है।
