गाजियाबाद, 26 अगस्त। गाजियाबाद के मोदीनगर तहसील परिसर में देर रात रजिस्टार के ऑफिस में चोरी की वारदात हुई। चोरों ने ताले तोड़कर ऑफिस से सामान चोरी कर लिया। पूरी घटना तहसील परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना सामने आने के बाद तहसील परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
मोदीनगर तहसील परिसर में एसीपी और एसडीएम का दफ्तर भी मौजूद है, बावजूद इसके रजिस्ट्री ऑफिस में चोरी की घटना होना सुरक्षा इंतज़ामों की पोल खोलता है। चोरी का खुलासा होने पर वकीलों ने तहसील परिसर में धरना देकर विरोध जताया।
वकीलों का कहना है कि बीते दिनों तहसील परिसर में उनके कई दफ्तरों में भी चोरी हो चुकी है, लेकिन अब रजिस्ट्री ऑफिस में हुई चोरी ने साबित कर दिया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह फेल है।
एक वकील ने नाराज़गी जताते हुए कहा—
“लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। अब तहसील के रजिस्ट्री ऑफिस में ताले टूटे हैं, इससे साबित होता है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नाकाम है।”
फिलहाल चोरी में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन रजिस्टार द्वारा किया जाएगा। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इस घटना ने एक बार फिर तहसील परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग पूछ रहे हैं कि जब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के दफ्तर वाले परिसर में चोरी हो सकती है, तो आम जगहों पर सुरक्षा का हाल क्या होगा।
अब देखना यह होगा कि पुलिस चोरी की इस वारदात का कब तक खुलासा करती है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।
