ग़ाज़ियाबाद: टीला मोड़ थाना क्षेत्र में LPG गैस टैंकर से बाइक की भिड़ंत, दंपति और 10 वर्षीय बेटे की मौत
- रिपोर्ट: जीतेन्द्र कुमार
ग़ाज़ियाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनके 10 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 7 साल का छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार एलपीजी गैस से भरे एक टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ललित (37), उनकी पत्नी पिंकी (37) और उनके 10 वर्षीय बेटे आरव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनका छोटा बेटा नीरव (7) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही टीला मोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस टैंकर चालक से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। इस दर्दनाक हादसे से परिवार और इलाके में शोक की लहर है।
khabre junction
