आईजीआरएस व शासन स्तर से होने वाले पत्राचार के निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक मे जीडीए उपाध्यक्ष की सख़्ती
हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की गयी
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री अतुल वत्स ने दिनाँक 20 सितंबर 2025 को प्राधिकरण कार्यालय में आईजीआरएस (IGRS) प्रकरणों के निस्तारण को लेकर सभी ज़ोनल अधिकारियों एवं उनकी टीम के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान उपाध्यक्ष महोदय ने दोहराया कि हर रोज कम से कम 5 आईजीआरएस (IGRS) प्रकरणों की रेंडम चेकिंग की जाये और मौके की फोटो अपलोड की जाये। उन्होंने ने भी साफ किया कि यदि किसी के द्वारा गलत जवाब दिया जाता है तो संबंधित का वेतन रोकने की कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहाँ कि चूकि माननीय मुख्यमंत्री जी स्वयं पोर्टल की समीक्षा करते है ऐसे में किसी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जायगी ।
समीक्षा के दौरान यह भी निर्देशित किया कि सभी शिकायतों मे स्थल का निरीक्षण जरूर किया जाए साथ ही GPS फोटो संलग्न किया जाए। भविष्य मे प्रकरण की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर उपाध्यक्ष महोदय ने संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्यवाही व वेतन बाधित करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, हेल्पलाइन से भी प्राप्त शिकायत का संतोषजनक समाधान न करने पर भी उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई और भविष्य मे सचेत रहने की हिदायत दी।
श्री वत्स ने ओएसडी श्री राजीव रतन सिंह को प्रशासनिक कार्यों को और अधिक गंभीरता एवं सावधानी से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी संबंधित अधिशासी अभियंताओं को नियमित बैठक करने और आईजीआरएस प्रकरणों के उत्तर की गुणवत्ता की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन एवं डीएम कार्यालय से जारी निर्देशों के अनुरूप ही निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े मुद्दों में किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी की लापरवाही पाए जाने पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण जनता की शिकायतों एवं समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और उपाध्यक्ष महोदय ने दोहराया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
