मधुबन बापूधाम योजना के 3 भूखंडों की नीलामी से GDA को करीब ₹97.98 करोड़ की आय

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) द्वारा मधुबन बापूधाम योजना में भूखंडों की नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न कर ली गई। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 मार्च 2026 को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में आयोजित इस नीलामी में निवेशकों और विकासकर्ताओं की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली।

नीलामी के तहत पॉकेट-A, B और C में स्थित कुल तीन भूखंडों की बिक्री की गई। प्राप्त उच्चतम बोलियों के आधार पर पॉकेट-A के एक ग्रुप हाउसिंग भूखंड से लगभग ₹79.29 करोड़, पॉकेट-B के एक व्यवसायिक भूखंड से करीब ₹10.81 करोड़ और पॉकेट-C के एक व्यवसायिक भूखंड से लगभग ₹7.86 करोड़ की आय हुई।

इस प्रकार कुल तीन भूखंडों की नीलामी से प्राधिकरण को करीब ₹97.98 करोड़ की संभावित आय प्राप्त होगी।

प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई गई। उन्होंने बताया कि इस आय का उपयोग शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करने, नई विकास परियोजनाओं को लागू करने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में किया जाएगा।

प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि मधुबन बापूधाम योजना समेत अन्य परियोजनाओं में निवेश को बढ़ावा देने और आधुनिक शहरी अवसंरचना विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि गाजियाबाद को एक सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जा सके।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.