- रिपोर्ट: रघुराज सिंह
बीजपुर (सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद के कर्मचारी उपभोक्ता सहकारी समिति रिहंद नगर के गैस उपभोक्ता इन दिनों सर्वर डाउन होने के कारण काफी परेशान हैं। इंडियन ऑयल की ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली ठप होने से उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुक कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि इंडियन ऑयल वन ऐप, फोनपे, गूगल पे और मिस्ड कॉल सेवा के माध्यम से उपभोक्ता बार-बार गैस बुकिंग करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सर्वर डाउन रहने और फोन न लगने के कारण बुकिंग नहीं हो पा रही है। इससे लोगों को कई दिनों से सिलेंडर लेने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
उपभोक्ता संदीप उपाध्याय, अरविंद मिश्रा, अनिल केशरी, सूर्यबली सिंह, संतोष गुप्ता, श्यामलाल, श्यामबिहारी, अशोक गुप्ता, बृजकिशोर, वाहिद और राजू समेत कई लोगों ने बताया कि बुकिंग साइट और फोन सेवा दोनों ही काम नहीं कर रही हैं। सिलेंडर भरवाने के लिए वे कई दिनों से गोदाम और कोऑपरेटिव के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन ऑफलाइन व्यवस्था न होने के कारण उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि यह समझ में नहीं आ रहा कि साइट कब चलेगी और बुकिंग कब सामान्य होगी।
इस संबंध में कर्मचारी उपभोक्ता सहकारी समिति रिहंद नगर के सचिव नरसिंह यादव ने बताया कि इंडियन ऑयल वन की साइट से बुकिंग होने के बाद मिलने वाले डीएसी नंबर के आधार पर ही उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिया जा रहा है। जब तक बुकिंग प्रक्रिया सामान्य नहीं होती, तब तक उपभोक्ताओं को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
